भोपाल 24 अक्टूबर खरगोन जिला के गोगांव थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम एक कार नहर में गिरने से एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पूरा परिवार एक इंजीनियर का बताया जा रहा है।
गो गांव थाना प्रभारी दिलीप के अनुसार हादसा बुधवार शाम 5:30 बजे के आसपास हुआ।
खरगोन के गंगानगर में रहने वाले एनवीडीए के इंजीनियर सी के दीवान अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कार से खरगोन से गो गांव के निकट वैजापुर में शरद पूर्णिमा का त्यौहार मनाने के लिए जा रहे थे ।
बताया जाता है जैसी ही उनकी कार खादरा फाटक के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को निकाला और कार में सवार लोगों को गंभीर अवस्था में अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
