कोंच। देवी जागरण पंडालों में कार्यकर्ताओं द्वारा मैया की स जाई गई नयनाभिराम झांकियों का दर्शन कर श्रद्घालु कृतार्थ हो रहे हैं। दुर्गा मां के साक्षात् स्वरूप जवारों की शोभायात्राओं और उनका देवी मंदिरों में विसर्जन का सिलसिला जारी है। नवरात्र की अवसान वेला में आज बड़ी माता मंदिर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया जिनमें हजारों श्रद्घालुओं ने मैया का दर्शन लाभ प्राप्त किया। महिलायें भी भारी संख्या में देवी पूजन के लिये मंदिरों में उमड़ पड़ीं। इधर, सर्राफा में विराजी मां काली अट्ठाइस बर्ष की हो गईं जिसे कार्यकर्ताओं ने केक काट कर सेलीब्रेट किया।
शारदीय नवरात्र पर्व लगभग अवसान की ओर है, देवी जागरण मंचों में सप्तमी को मैया की सुंदर झांकियां सजाईं गईं थीं जिन्हें देखने के लिये भारी भीड़ पंडालों में उमड़ी। नईबस्ती स्थित सिद्घेश्वर मंदिर के बगल में मां गायत्री जागरण मंच के कार्यकर्ताओं संतोष शुक्ला, सुरेन्द्र कक्का, राममोहन रिछारिया, नितेश अग्रवाल, भरत अग्रवाल, अनिल रिछारिया, आनंद अग्रवाल, दिलीप अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, रग्घू, भग्गू, आशु गुप्ता, रामू दद्दा, राजनारायण निरंजन आदि द्वारा सजाई गई मनोरम झांकी ने दर्शनार्थियों को काफी आकर्षित किया। अष्टïमी की पूजा के बाद देवी पूजन के लिये आज महिलायें भारी संख्या में देवी मंदिरों में पहुंचीं। इसी के साथ खासतौर पर बुंदेलखंड में साक्षात् देवी स्वरूप माने बाले जवारों के विसर्जन का सिलसिला भी तेज हो गया है। मन्नत के अलावा परंपरागत रूप से बोये गये जवारों की दर्जनों बारियां बड़ी माता, शीतला माता, काली माता, माता राजराजेश्वरी तथा सीमावर्ती बैरागढ में मां शारदा के स्थानों पर शोभायात्रा निकाल कर ले जाई गई और मैया के दरबार में उन्हें समर्पित कर दी गईं।
बड़ी माता मंदिर पर आज मेले का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्घालुओं की भीड़ रही जिसने मैया का दर्शन लाभ प्राप्त किया। मंदिर कमेटी के लोगों ने वहां व्यवस्थायें सुचारू रूप से चलाने के उम्दा प्रबंध किये थे। सुरक्षा की दृष्टिï से पुलिस बल को भी लगाया गया था। एसडीएम गुलाब सिंह व सीओ संदीप वर्मा के निर्देशन में कोतवाल देवेन्द्र सिंह, एसएसआई दिलीप वर्मा, दरोगा अवधेश सिंह सुरक्षा में लगे थे।