उरई । अंधाधुंध आ रहे ट्रक के टक्कर मारने से झांसी रोड स्थित हनुमान मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया । दुर्घटना के बाद लोगों का गुस्सा भाँप ड्राइवर बदहवासी में भाग निकला ।
शुक्रवार को झांसी रोड पर रघुवीरधाम के पास स्थित संकट मोचन मंदिर में सड़क पर लहराता चला आ रहा ट्रक भिड़ गया जिससे मंदिर का कुछ हिस्सा टूट गया । यह देख आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े । लोगों के तेवर देख कर ड्राइवर की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई और वह ट्रक से कूद कर भाग निकला ।
बाद में खबर पा कर यूपी 100 की गाड़ी मौके पर पहुँच गई । उधर कालपी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जोल्हूपुर मोड के पास मछलियों से भरे लोडर और सामने से आ रहे ट्रक में टक्कर हो गई । हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन मछलियाँ सड़क पर बिखर जाने से आस पास के इलाक़े में बदबू पसर गई और यातायात बाधित हो गया ।
