एक पत्नी ने अपने ही पति के साथ रहने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग की

कानपुर नगर

एक पत्नी ने अपने ही पति के साथ रहने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग की है. बता दें कि पत्नी की सरकारी टीचर की नौकरी लग गई और इसके बाद उसके सुर ही बदल गए, उसने अपने पति से ये अनोखी डिमांड कर दी है. पत्नी का कहना है कि अगर पति उसके साथ रहना चाहता है तो पहले एक करोड़ रुपये दे, तभी वह उसके साथ रहेगी. ऐसी डिमांड सुनकर पुलिस भी हैरान है.

हालिया दिनों एसडीएम ज्योति मौर्या और उनके पति के बीच विवाद काफी चर्चा में रहा था. इसी तरह का एक मामला कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र से सामने आया है. जहां बजरंग भदौरिया नाम के एक युवक की शादी साल 2023 में गाजियाबाद के लक्षिता सिंह नाम की युवती से हुई थी. शादी के बाद लक्षिता ने अपने पति बजरंग से सरकारी टीचर बनने की इच्छा जताई.

पहले पढ़ाया लिखाया और अब…

पत्नी के सपने को पूरा करने के लिए पति ने उसको सरकारी टीचर बनाने के लिए अलग-अलग संस्थानों में महंगी फीस अदा कर कोचिंग दिलाई. पति की मेहनत और हौसला अफजाई से लक्षिता ने सरकारी टीचर बन गई.

तुम्हारी कोई हैसियत नहीं

टीचर के पद पर तैनात होते ही लक्षिता ने पति बजरंग से किनारा करना शुरू कर दिया. धीरे धीरे उनके रिश्ते खराब होने लगे. परेशान होकर बजरंग ने पत्नी लक्षिता से इसकी वजह पूछी. इसके बाद लक्षिता मायके चली गई. मायके पहुंच कर उसने बजरंग से कहा कि मैं तुम्हारे साथ ऐसे नहीं रह सकती, तुम्हारी कोई हैसियत नहीं है. पत्नी ने बजरंग से कहा कि अगर तुम मुझे एक करोड़ रुपया दो तो मैं तुम्हारे साथ पहले की तरह रह सकती हूं. पत्नी लक्षिता की ये बातें सुनकर बजरंग के पैरों तले से जमीन खिसक गई. परेशान होकर उसने लक्षित के माता-पिता से बात की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला.

अब पीड़ित पति ने कानपुर पुलिस से मामले की शिकायत की है और केस दर्ज करवाया है. पुलिस से मदद की गुहार लगाई है. जिससे उसकी पत्नी उसे वापस मिल सके. बजरंग ने बताया कि वह बहुत परेशान है, उसकी खूब बेइज्जती हो रही है और उसकी पत्नी उसके पास रहने को तैयार नहीं है. रहने के एवज में पत्नी एक करोड़ रुपये मांग रही है.

पति ने पत्नी के बारे में कही ये बात

कानपुर में एक स्कूल संचालक बजरंग भदौरिया ने अपनी पत्नी लक्षिता सिंह और उसके घर वालों के खिलाफ नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पीड़ित पति के मुताबिक, उसकी शादी साल 2020 में दिल्ली की रहने वाली लक्षिता सिंह के साथ हुई थी. शादी के बाद दोनों कानपुर में ही रह रहे थे. इसी दौरान पत्नी की दिल्ली में सरकारी स्कूल में टीचर की नौकरी लग गई. नौकरी लगने के बाद ही वह अपने पिता के पास चली गई है. उसने साफ कह दिया है कि अगर वह उसके पास रहने आएगी तो उसे पहले एक करोड़ रुपये चाहिए. अब पीड़ित पति ने कानपुर पुलिस से मामले की शिकायत की है और केस दर्ज करवाया है.

पति का आरोप, धमका रही है पत्नी

पीड़ित पति का कहना है कि उसके ससुर और दोनों साले भी उसे धमका रहे हैं. पिता का साफ कहना है कि जब तक एक करोड़ रुपये नहीं मिलेंगे, वह बेटी को ससुराल नहीं भेंजेगे. पति का कहना है कि पत्नी भी धमका रही है कि अगर उसपर प्रेशर बनेगा तो वह उसे और उसके परिवार को दहेज उत्पीड़न में फंसा देगी. पीड़ित पति ने अपनी पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. पति का आरोप है कि उसके ससुर और साले ने उसके साथ मारपीट भी की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *