कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा जनपद में संचालित विशेष मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान

*कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा जनपद में संचालित विशेष मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान

*जनपद में विशेष मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान का हुआ शुभारंभ*

*कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के बच्चों को लगाया जाएगा एम-आर का टीका*

*माता-पिता अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं – सीएमओ*

*जानलेवा बीमारियों से बचाता है टीकाकरण-जिला प्रतिरक्षण अधिकारी*

*यूविन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज होगा टीकाकरण का रिकॉर्ड*

*सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं मदरसों में लगाया जा रहा है खसरे का टीका*

*झांसी दि. 16 फरवरी 2026*

स्वास्थ्य विभाग झांसी द्वारा जनपद के सभी सरकारी विद्यालयों, सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं मदरसों में 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के (5 वर्ष से 10 वर्ष तक) सभी बच्चों को मीजल्स-रूबेला वैक्सीन की अतिरिक्त डोज लगाए जाने हेतु *”विशेष मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान”* आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय द्वारा प्राथमिक विद्यालय डीसी तालपुरा एवं नवीन प्राथमिक विद्यालय ओरछा गेट बाहर तालपुरा में अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान के बारे में विस्तार से बताते हुए डॉ सुधाकर पांडेय ने कहा कि जनपद में मीजिल्स-रूबेला संक्रामक बीमारी से बचाव हेतु नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 9 माह एवं 16 माह पर बच्चों को एम-आर वैक्सीन की डोज लगाई जाती है। अतिरिक्त डोज हेतु वर्तमान में झांसी सहित राज्य के 45 जनपदों में विशेष अभियान के अंतर्गत सभी 5 से 10 वर्ष आयु के बच्चों को मीजिल्स-रूबेला की वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि सभी माता-पिता को अपने 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों का अभियान के दौरान टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए। अभिभावक विद्यालय में जानकारी कर टीकाकरण सत्र वाले दिन बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें, जिससे बच्चों को मीजिल्स-रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित किया जा सके। टीकाकरण सम्बन्धी अन्य जानकारी हेतु नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने टीकाकरण के महत्व पर चर्चा करते हुए बताया कि 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु टीकाकरण एकमात्र आसान उपाय है। मीजल्स-रूबेला अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय में विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं एवं प्रत्येक एएनएम को प्रतिदिन 100 से 125 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में आयोजित टीकाकरण सत्रों को यूविन पोर्टल के एम-आर कैंपेन टैब पर समय से नियोजित और प्रकाशित किया जाएगा तथा अभियान की दैनिक रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। अभियान की निगरानी हेतु जनपद स्तर के अधिकारियों को ब्लॉक एवं शहरी क्षेत्र का प्रभार सौंपा गया है। प्रत्येक जनपद, ब्लॉक एवं प्लानिंग यूनिट स्तर पर सायंकालीन समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
विद्यालय में आयोजित सत्रों में कक्षा 3 व 5 की छात्रा कु0 नव्या, लवली, राधिका, शाहीन, वंश जाटव, इकरा, आर्यन आदि को टीका लगाया गया।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ जूही सूलिया, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, यूएनडीपी से श्री गौरव वर्मा, श्री शिवेंद्र सिंह, श्री रामेश्वर पाल, श्री अरुण माथुर फार्मासिस्ट श्री पवन रायकवार, एएनएम श्रीमती सरोज यादव, श्रीमती हेमलता यादव, आशा श्रीमती नंदनी और शिल्पी, शिक्षिकाएं श्रीमती रिचा साहू श्रीमती मंजू अग्रवाल आदि उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *