*पीडी रिछारिया, हरिश्चंद्र तिवारी, राहुल राठौर*
*कोंच (जालौन)।* कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में बुधवार की शाम कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी आग बनकर फैल गई जिससे उसकी चपेट में आकर खेत पर रखे 50 स्प्रिंकलर पाइप और दो खेतों में खड़े गेहूं के डंठल जल गए।
मिली जानकारी के मुताबिक गांव के अमरेंद्र सिंह व शिवप्रसाद निरंजन बब्बू मास्टर के खेत गांव के किनारे पर ही स्थित हैं। बुधवार की शाम खेतों के नजदीक ही कूड़े के ढेर में कोई महिला चूल्हे की राख डाल गई। थोड़ी ही देर बाद राख के ढेर में दबी चिंगारी यकायक भड़क गई और देखते ही देखते आग में तब्दील हो गई। उक्त आग दोनों के खेतों तक जा पहुंची। आग की ऊंची लपटें और धुआं देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फायर कर्मियों ने पहुंचकर बमुश्किल आग बुझाई। गनीमत रही की आग गांव की तरफ नहीं बढ़ी वरना बड़ी घटना घटित हो सकती थी। आग की चपेट में आने से शिवप्रसाद के खेत में रखे 50 स्प्रिंकलर पाइप और 20 बीघा के गेहूं के डंठल जबकि अमरेंद्र के 12 बीघा खेत के डंठल जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि उक्त स्थान पर काफी समय से चूल्हे की राख डाली जा रही है।
