कोंच। पिछले तीन दिनों से लापता कस्बे के एक तैंतीस बर्षीय युवक की लाश शुक्रवार को मालवीय नगर मोहल्ले के एक कुयें में उतराती मिली है। उसके भाई ने गुरुवार को कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जानकारी के मुताबिक रामस्वरूप पुत्र ठाकुरदास निवासी सुभाषनगर कोंच ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई पवन यादव (33) पुत्र ठाकुरदास 15 अक्टूवर को कहीं चला गया।
काफी खोजबीन के बाद उसका कोई पता नहीं चला है। मृतक का भतीजा शिवी यादव लगातार उसकी तलाश में जुटा था, शुक्रवार को भी वह तलाश में निकला था और नालों, कुओं में झांक झांक कर देखता फिर रहा था कि अचानक मालवीय नगर मोहल्ले के बाहरी इलाके में पंचायत भवन के पास स्थित कुयें में पवन की लाश उतराती देख पुलिस को सूचना दी।
कोतवाल देवेन्द्र सिंह, एसएसआई दिलीप वर्मा, एसअसई सुरेन्द्रकुमार सिंह मौके पर पहुंच गये थे। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरवा कर पोस्टमॉर्टम के लिये भिजवा दिया है। इस मौत को लेकर फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से सूचना के अलावा और कोई तहरीर नहीं दी गई है।

