झांसी । बड़ागांव थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक घर में घुसकर-डंडो और सरियों से हमलाकर परिजनों को घायल कर दिया। शिकायत थाने की पुलिस से की गई, लेकिन पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। नाराज परिजन आज एसएसपी से मिले।
बड़ागांव थानान्तर्गत शंकरगढ़ में मंगल अहिरवार परिवार के साथ रहता है। 21 मार्च को वह अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। गांव के रहने वाले राजू, रामेश्वर, मंगल, राजेन्द्र, नरेश, उत्तम समेत कई लोग शराब के नशे में उसके घर पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली गलौज की, जिसका विरोध करने पर उन्होंने घर में घुसकर लाठी-डंडो और सरियों से हमला कर दिया। इससे परिवार के कई सदस्य घायल हो गये। इसकी शिकायत थाने की पुलिस से की गई।
पुलिस ने शिकायत पर मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। आरोप है कि इससे उनके हौंसले बुलंद हो गये। पीड़ित परिवार ने झांसी एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
