झांसी। ‘ईट राइट इण्डिया’ स्वास्थ्य के लिये जो अच्छा है वही खायें कैम्पेन का शुभारंभ 1 जनवरी 2019 को रैली रवाना कर किया जायेगा। जागरूकता अभियान जनपद में तीन दिवसीय आयोजित होगा। जिसमें महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती पर आयोजित लौह यात्रा (स्वस्थ्य भारत यात्रा) दल भी झांसी प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रम, गतिविधियों में शामिल होगा। लौह यात्रा साईकिल से भ्रमण पर है जो 1 जनवरी 2019 को झांसी जनपद में प्रवेश करेगी।
यह जानकारी अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नगेन्द्र शर्मा ने लौह यात्रा (स्वस्थ्य भारत यात्रा) की प्रारम्भिक तैयारियों की रूपरेखा पर विचार विमर्श करते हुये दी। उन्होंने कहा कि भव्य तरीके से लौह यात्रा दल का जनपद में स्वागत किया जायेगा। साथ ही उनके रहने व खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की जाये।
शर्मा ने निर्देश देते हुये कहा कि रैली में बच्चों की सहभागिता के अतिरिक्त एनसीसी, पीआरडी जवान के साथ अन्य संगठन भी शामिल हो। रैली का मुख्य उद्देश्य कि हम जो खायें वह शुद्ध हो। यदि मिलावट हो तो उसकी जानकारी कैसे की जाये, यह भी बताया जायेगा।
आयोजित होने वाले कार्यक्रम को अंतिम रूप देते हुये राजेश कुमार द्विवेदी अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि 2 जनवरी 2019 को महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में रैली का शुभारंभ होगा। जिसमेें मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचें आदि के स्लोगन लेकर प्रतिभागी चलेंगे। उन्होंने बताया कि मोबाइल वैन एवं मोबाइल लैब के माध्यम से मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच कर जन मानस को जागरूक भी किया जायेगा।
इलाईट चैराहा, जेल चैराहा एवं बस स्टैण्ड आदि स्थानों पर विशेष रूप से जन जागरण अभियान चलेगा। जिसमें लैब के माध्यम से मिलावटी खाद्य पदार्थों की जानकारी दी जायेगी। 3 जनवरी 2019 को लौह यात्रा दल स्टेडियम से साईकिल द्वारा डबरा के लिये रवाना होगी। दल को जिलाधिकारी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।
अभिहित अधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रभात फेरी एवं साईकिल यात्रा हेतु एम्बुलेंस व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था हेतु सम्बन्धित विभागों को सूचित कर दिया गया है। बैठक में बेसिक शिक्षाधिकारी हरवंश कुमार, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी सुरेशन बोनकर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह, खनन अधिकारी महमूद खान आदि उपस्थित रहे।
