तंत्रमंत्र का झांसा दे महिलाओं से उतरवा लेता था जेवरात

लखनऊ संवादाता/पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की थाना गाजीपुर की पुलिस टीम और डीसीपी उत्तरी की क्राइम टीम ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया है, जो राह चलते तंत्रमंत्र का झांसा देकर महिलाओं से जेवरात उतरवा लेता था। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कुबूला कि इंदिरानगर निवासी सचिवालय में तैनात समीक्षा अधिकारी प्रिया सिंह से 24 जुलाई को टप्पेबाजी की थी। प्रिया मेट्रो से उतरकर पैदल अपने घर जा रही थीं। आरोपियों के पास से जेवरात, नकदी व बाइक बरामद हुई है। एडीसीपी उत्तरी अभिजीथ आर शंकर के मुताबिक, पुलिस टीम ने पॉलीटेक्निक चौराहे के पास स्थित सुलभ शौचालय के पास से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के ठंडा नाला गांव निवासी अनवर अली, सलमान, अफसर अली और फरमान अली शामिल हैं। आरोपियों ने कुबूला कि राह चलती महिलाओं को घर में दोष बताकर उलझाते थे। फिर तंत्रमंत्र और टोटका के जरिए निदान का रास्ता बताते थे। कहते थे कि सीधे 51 कदम चले, पीछे मुड़कर न देखें। इस बीच जेवरात लेकर फरार हो जाते थे।
अभियुक्तों के कब्जे से लेडीज पर्स, दो चेन, अंगूठी, बाली, चार मोबाइल, घड़ी, सचिवालय का परिचय पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, एक मुहर, 2500 रुपये नकदी व दो बाइक बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ हरदोई, बुलंदशहर, फतेहगढ़, संभल, लखीमपुर खीरी और लखनऊ में 10 मुकदमे दर्ज हैं। थाना गाजीपुर इंस्पेक्टर सुनील सिंह के मुताबिक के मुताबिक, गिरोह ठंडी नाला गांव से 23 जुलाई को बाइक से निकला था। उसी दिन लखीमपुर खीरी में वारदात को अंजाम दिया था। ठीक दूसरे दिन गाजीपुर थानाक्षेत्र में समीक्षा अधिकारी प्रिया सिंह को निशाना बनाया। इसके बाद गिरोह देवां चला गया। वहां भी वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह गिरोह के चारों सदस्य लखनऊ वापस आते समय पाॅलीटेक्निक चौराहे के पास से दबोच लिया गया। बाइक भी चोरी की लग रही है। इस संबंध में उत्तराखंड पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *