निवाड़ी जिला के बॉर्डर पर युवक – युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कम्प, रिपोर्ट -रीतेश मिश्रा

टहरौली (झाँसी) – झाँसी जिला का टहरौली और मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिला के थानाक्षेत्र सेंदरी के बॉर्डर से सटी सीमा से दिल झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में एक प्रेमी जोड़ा के शव बरामद हुये हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार निवाड़ी जिला के सेंदरी थानाक्षेत्र के ग्राम ढिमरपुरा जंगल में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जंगल के अंदर एक युवती का शव संदिग्ध हालत में मिला, जिसके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। वहीं लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक युवक का शव भी पेड़ से लटका हुआ मिला है।

प्रारंभिक जांच और स्थानीय सूत्रों की मानें तो दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात सामने आ रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस रिश्ते के चलते ही इस दर्दनाक घटना को अंजाम दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान वर्षा रायकवार (उम्र लगभग 19 वर्ष) पुत्री किशोरी निवासी ग्राम गुलेटर, कुडार, थाना – सेंदरी, जिला – निवाड़ी (मध्यप्रदेश) जबकि मृतक की पहचान चन्द्रभान उर्फ हरेन्द्र (उम्र लगभग 24 वर्ष) पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम – सिलोरी, थाना – टहरौली, जिला – झाँसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका वर्षा, मृतक चन्द्रभान उर्फ हरेन्द्र की बड़ी बहन की चचेरी ननद है। परिजनों के मुताबिक दोनों शनिवार दोपहर 3 बजे से गायब थे।

घटना की सूचना मिलते ही सेंदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

“हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।” – टी.आई. सेंदरी

फिलहाल पुलिस इस मामले को हत्या और आत्महत्या के एंगल से जोड़कर देख रही है, लेकिन अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगा लेकिन मौके की परिस्थितियों को देखकर प्रतीत होता है कि इस हृदयविदारक घटना को कहीं और अंजाम देकर, प्रेमी युगल के शवों को मध्य प्रदेश की सीमा में फेंका गया है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *