निवेश के नाम पर झांसी के व्यपारियों से ठग लिए पचास करोड़ से अधिक रूपये, पुलिस ने किया गिरफ्तार

झांसी। व्यापारियों को मोटे मुनाफे का लालच देकर उनसे पचास करोड़ रूपये से अधिक की ठगी करने वाले नटवरलाल को सीपरी बाजार थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ओम प्रकाश अग्रवाल के खिलाफ झांसी के कई व्यापारियों ने सीपरी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। ओम प्रकाश अग्रवाल व्यापारियों के खाताबही के रखरखाव का काम करता था। उसने व्यपारियों को निवेश का भरोसा देकर उनसे करोड़ों रूपये ले लिए लेकिन पिछले दो महीने से वह व्यापारियों के पैसे देने से इंकार करते हुए अंडरग्राउंड हो गया था। ठगी के शिकार हुए व्यापारी मुकेश कुमार अग्रवाल के अनुसार ओम प्रकाश अग्रवाल ने जनवरी में पचहत्तर लाख रूपये निवेश के नाम पर लिए और इसके एवज में चेक दे दिए। जब चेक बैंक में लगाए तो बैंक ने भुगतान से मना कर दिया। इसके बाद फिर भरोसे में लेकर पैतीस लाख रूपये लिए और इसके एवज में चेक दे दिए। यह चेक बाउंस हो गया। झांसी के मिशन कम्पाउंड, सराफा बाजार और मऊरानीपुर के व्यापारियों से लगभग 50 करोड़ रूपये से ज्यादा की धनराशि इस तरह से हड़प लिया। झांसी के एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि ओम प्रकाश अग्रवाल अपने मित्रों और परिचितों से पैसे लेकर ब्याज देने का काम करता था। विश्वास बढ़ने पर व्यापारियों का विश्वास बढ़ने लगा और वे अधिक निवेश करने लगे। इस तरह काफी संख्या में व्यापारियों से करोड़ों रूपये ले लिया। पिछले अप्रैल से जब व्यापारियों को ब्याज और रुपया मिलना बंद हो गया तो व्यापारियों ने शिकायत दर्ज कराई। केस दर्ज कर ओम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *