लखनउ 18 मार्चः यूपी के उप चुनाव मे मिली हार का सदमा अभी भाजपा झेल नहीं पायी थी कि प्रतापगढ़ मे ब्लाक प्रमुख के पद पर कांग्रेस ने भाजपा को झटका दिया है।
प्रतापगढ़ में लालगंज ब्लॉक प्रमुख सीट अभी तक भाजपा के कब्जे में थी। इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। अविश्वास प्रस्ताव में भाजपा प्रत्याशी अपना बहुमत हासिल नहीं कर सके। गौरतलब है कि यह इलाका कांग्रेस के दिग्गज नेता व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का है और उनका असर इस बार साफ देखने को मिला। बेहद रोमांचक मुकाबले में सिर्फ 3 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत हासिल की है।
लाया गया अविश्वास प्रस्ताव
फरवरी 2016 में हुए पंचायत चुनाव के दौरान प्रमोद तिवारी के इलाके में कांग्रेस का तिलिस्म टूटा था और लालगंज ब्लॉक पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश सिंह चुने गए थे। इनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया और उस अविश्वास प्रस्ताव के बाद भाजपा प्रत्याशी अपना बहुमत नहीं साबित कर सके। भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह ददन ने 3 वोटों की रोमांचक बढ़त के साथ अपना बहुमत साबित कर जीत हासिल की है।
