बशी वाले हनुमान जी बाबा के मंदिर पर हुआ विशाल भंडारा व कंबल वितरण, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

बशी वाले हनुमान जी बाबा के मंदिर पर हुआ विशाल भंडारा व कंबल वितरण, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

नंदनपुर।
बशी वाले हनुमान जी बाबा के पावन मंदिर प्रांगण में सामाजिक सेवा एवं धार्मिक आस्था के संगम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहाँ विशाल भंडारा एवं कंबल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अनिल यादव (अन्नी) के तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक श्री रवि शर्मा रहे, जिन्होंने हनुमान जी के दर्शन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में आपसी भाईचारे और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष श्री सुधीर सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को कंबल वितरण करना सच्ची सेवा है और ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास विकास नंदनपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री राजकुमार यादव ने की, जबकि संरक्षण श्री अवनीश खरे द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

भंडारे में दूर-दराज से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं गरीब जरूरतमंद लोगों को भोजन प्रसाद कराया गया तथा ठंड से राहत हेतु कंबलों का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “जय बजरंगबली” के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। समापन पर आयोजक अनिल यादव (अन्नी) ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *