पटना 20 मार्चः क्या किसी मां का दिल इतना कठोर हो सकता है कि वो उन्हे मौत दे दे। पर, ऐसा हुआ है। बिहार के गोपाल गंज जिला मे शर्मसार कर देने वाली इस प्रकार की वारदात मे एक पत्नी ने पति से हुये विवाद के बाद अपने तीन बच्चो को जहर दे दिया, जिससे उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गयी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के तिलक डमरु गांव की रहने वाले शारदानंद सिंह और उनकी पत्नी ममता के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों के बीच फिर जमकर विवाद हुआ और मारपीट भी हुई। इसी से परेशान होकर उनकी पत्नी ने एक खौफनाक कदम उठाया और तीनों बच्चे को खाने में जहर देकर खिला दिया। जब तक लोग पहुंचते तब तक तीनों बच्चों की हालत काफी खराब हो गई थी जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो बच्चे की रास्ते में ही मौत हो गई तो बच्ची का इलाज के दौरान निधन हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों बच्चों की लाश को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान मां ने बताया कि पैसे के विवाद को लेकर पति ने बच्चे के साथ-साथ हमें भी मारा-पीटा। वह लगातार बच्चों के साथ-साथ हम पर भी पैसे चोरी का आरोप लगाते थे और मारपीट करते थे।
वहीं बातचीत करते हुए शारदानंद सिंह ने कहा कि विवाद की वजह से हम दोनों में 3 दिनों से बातचीत बंद थी। अचानक मुझे खबर मिली कि उनकी पत्नी ने अपने दो बेटों और एक बेटी को जहर दे दिया है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में आरोपी मां ममता देवी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान यह पता चला कि पति-पत्नी के विवाद में इस तरह का कदम उठाया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
