Headlines

भाजपा किसान मोर्चा के नेता रीतेश मिश्रा के प्रयासों के बाद बमनुआँ मण्डी में बोली लगा कर खरीदी जायेगी किसानों की फसल

मण्डी बने कई वर्ष बीत जाने के बाद भी बमनुआँ, टहरौली गल्ला मण्डी में नहीं लग रही थी किसानों की फसलों की बोली

अधिकांश गल्ला व्यापारी बाजार में स्थित अपनी दुकानों से ही कर रहे थे किसानों की फसलों की खरीददारी, जिसके कारण किसानों को नहीं मिल पा रहा था उनकी फसलों का वाजिब दाम

टहरौली (झाँसी) – बमनुआँ, टहरौली स्थित नवीन गल्ला मण्डी को बने लगभग ग्यारह वर्ष बीत जाने के बाद भी गल्ला मण्डी में अभी तक किसानों की फसलों की बोली लगाकर खरीद प्रारम्भ नहीं हो पाई थी। गल्ला मण्डी के सभी लाइसेंसधारी खरीददारों में से केवल दो खरीददार ही गल्ला मण्डी परिसर में अलॉट अपनी अपनी दुकानों से किसानों की फसलों की खरीद कर रहे थे जबकि अन्य सभी लाइसेंसधारी खरीददार टहरौली बाजार में स्थित अपनी अपनी दुकानों से ही किसानों की फसलों की खरीद कर रहे थे जिसके कारण क्षेत्र के किसानों को उनकी फसलों के वाजिब दाम नहीं मिल पा रहे थे। इस मामले में क्षेत्र के किसान कई बार सम्बन्धित अधिकारियों से गल्ला मण्डी में बोली लगवा कर खरीद करवाने के लिए गुहार लगा चुके थे।

मामले की गम्भीरता को देखते हुये भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी इंजी. रीतेश मिश्रा “राघवेन्द्र” ने तत्काल मण्डी सचिव एवं अन्य विभागीय अधिकारियों से बात करके मण्डी में बोली लगवा कर किसानों की फसलों की खरीद करवाने की बात रखी। बमनुआँ – टहरौली के सभी लाइसेंसधारी खरीददारों को भी एकजुट करके बोली लगा कर खरीद के लिए राजी किया। जिसके बाद सभी खरीददारों ने भी बोली लगाकर खरीद प्रक्रिया के लिए अपनी अपनी हामी भरी। मण्डी सचिव और खरीददारों ने आगामी सोमवार से बोली लगाकर फसलों की खरीद शुरू करने के लिए रजामंदी दी है।

आगामी सोमवार से नवीन गल्ला मण्डी, बमनुआँ में किसानों की फसलों की खरीद बोली लगाकर शुरू होने की बात पता चलते ही क्षेत्र के तमाम ग्रामों के किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गयी। किसानों ने बताया कि अब उनको अपनी फसलों के उचित मूल्य के लिये बाहर की मण्डियों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जिसके चलते उनके समय व पैसे दोनों की बर्बादी बचेगी। ज्ञात हो कि बमनुआँ गल्ला मण्डी को बने ग्यारह वर्ष से अधिक बीत जाने के बाद भी अभी तक किसानों की फसलों की बोली लगाकर खरीद नहीं होती थी। हालांकि बमनुआँ मण्डी में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है जिसको मण्डी सचिव देवेन्द्र सहारिया द्वारा अतिशीघ्र दूर करने की बात कही गयी है।

इन्होंने कहा :-
इंजी. रीतेश मिश्रा “राघवेन्द्र” – नेता भाजपा किसान मोर्चा

इस विषय में भाजपा किसान मोर्चा के नेता इंजी. रीतेश मिश्रा “राघवेन्द्र” ने कहा कि मोदी और योगी की डबल इंजन की सरकार हमेशा से ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है। रीतेश मिश्रा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के कई किसानों को उनकी फसलों के उचित मूल्य नहीं मिलने की समस्याएं आ रही थी। किसानों द्वारा इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करवाने पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं सम्बन्धित खरीददारों से बोली लगवा कर खरीद करवाने का आग्रह किया। कुछ समस्याओं का हल निकल जाने के बाद सभी ने अपनी हामी भी भर दी। रीतेश मिश्रा ने कहा कि उनकी मांग को मजबूती देने के लिए वे, क्षेत्रीय सांसद अनुराग शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गिरी, मण्डी सचिव देवेन्द्र सहारिया व क्षेत्र के सभी खरीददारों को अपना धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *