कन्नूर 8 मार्चः देश के विभिन्न राज्य मे महापुरूष की प्रतिमाओ को तोड़ने का सिलसिला थम नहीं रहा। आज केरल मे गांधीजी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। उपद्रवी मूर्ति क्षतिग्रस्त करने के बाद भाग निकले।
महात्मा गांधी की मूर्ति के अलावा तमिलनाडु के थिरुवोत्रियूर पेरियार नगर में बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति पर पेंट फेंक दिया गया है. इससे पहले बुधवार को मेरठ में बाबा साहेब की मूर्ति को खंडित कर दिया गया था.
गौरतलब है कि त्रिपुरा में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद कई जगह हिंसा की बात सामने आई थी. इस दौरान त्रिपुरा में दो जगह लेनिन की मूर्ति तोड़ी गई थी, इसके बाद तमिलनाडु में पेरियार, पश्चिम बंगाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी और उत्तर प्रदेश के मेरठ में बाबा साहेब अंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने का मामला सामने आया था.
PM मोदी जता चुके हैं नाराज़गी
हिंसा के दौरान त्रिपुरा में लेनिन, तमिलनाडु में पेरियार की मूर्ति गिराने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाराजगी जता चुके हैं. बुधवार को खबर आई थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस प्रकार की घटनाओं से काफी आहत हैं. प्रधानमंत्री के अलावा गृह मंत्रालय ने भी इस मामले में सख्ती दिखाई है. गृह मंत्रालय की ओर से सभी राज्यों को इस प्रकार के मामले से सख्ती से निपटने की बात कही है. इस मसले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गृहमंत्री से भी बात की है.
