लखनऊ: बेटे की जन्मदिन पार्टी में केक काटते समय पिता की हुई मृत्यु

*लखनऊ: बेटे की जन्मदिन पार्टी में केक काटते समय पिता की हुई मृत्यु। लखनऊ के चिनहट क्षेत्र स्थित मुलायम नगर निवासी सुशील शर्मा (45) की मृत्यु उस समय हुई जब वह अपने बेटे के जन्मदिन पर केक कटवा रहे थे। इस दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गए थे सुशील शर्मा। परिजन उन्हें लोहिया संस्थान ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सुशील की पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनकी सास को एक सूदखोर ने अपमानित किया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद से सुशील तनाव में थे। हालांकि, सूदखोर के खिलाफ अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। मूलरूप से कुशीनगर निवासी सुशील शर्मा एक महीने पहले तक खाड़ी देश में जेसीबी चलाने का काम करते थे। उनका परिवार कमता के पास मुलायम नगर में रहता है। परिवार में पत्नी किरन व तीन बच्चे साक्षी, सार्थक और मन्नत हैं। किरन के मुताबिक सुशील एक महीने पहले खाड़ी देश से लौट आए थे और लखनऊ में ही काम शुरू किया था। किरन ने बताया उनकी सास सुशीला ने कुशीनगर के एक सूदखोर से 22 लाख रुपए ब्याज पर लिए थे, जिसकी किस्त हर महीने 70 हजार रूपए देनी थी। सोमवार को सास ने सुशील को कॉल कर बताया कि वह सूदखोर को 50 हजार रूपए देने गई थीं, तो रुपए लेने के बाद सूदखोर ने उन्हें अपमानित किया।
इससे सुशील तनाव में थे। बेटे सार्थक का जन्मदिन था और करीबी रिश्तेदारों की मौजूदगी में रात में सार्थक व बच्चे केक काट रहे थे। इसी दौरान सुशील अचानक बेहोश होकर गिर गए। इससे अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में सुशील को लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद विभूतिखंड थाने से पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *