कोंच (जालौन)। जून माह की प्रचण्ड गर्मी से आम जनमानस पहले ही झुलसता हुआ नजर आ रहा है वहीं गर्मी के इस मौसम में नगर के लगभग सभी मुहल्लों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी हेण्डपम्प खराब पड़े होने से लोगों को परेशानी की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
नगर के रामकुण्ड कॉलोनी, कांशीराम कॉलोनी, ब्लॉक कॉलोनी, कैलिया बस स्टेण्ड सहित लगभग सभी मुहल्लों में सरकारी हेण्डपम्प खराब पड़े हुये हैं जिससे गर्मी के इस मौसम में पेयजल जैसी मूलभूत समस्या से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। हेण्डपम्प खराब पड़े होने से लोगों को पानी के लिये घर से काफी दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है और सुबह से लेकर देर रात तक पानी के
लिये बच्चों से लेकर बूढ़ों एवं महिलाओं को सब काम छोड़ कर लाइनों में खड़े रहना पड़ रहा है। रामकुण्ड कॉलोनी में सत्तारूढ़ पार्टी के
जनप्रतिनिधियों का ठिकाना है इसके बाबजूद विभागीय अधिकारी खराब पड़े हेण्डपम्पों को दुरूस्त कराने में दिलचश्पी नहीं दिखा रहे हैं और लोगों को गर्मी के इस मौसम में उनके हाल पर छोड़ दिया है। कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले लोगों द्वारा पेयजल संकट को लेकर बीते दिनों पूर्व सड़क पर प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया था इसके बाबजूद अभी तक खराब पड़े हेण्डपम्प दुरूस्त नहीं हो सके हैं और ना ही सरकारी पानी की टंकी से पेयजल आपूर्ति शुरू हो सकी है।
कैलिया बस स्टेण्ड पर भी प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है और हेण्डपम्प खराब पड़े होने के चलते यात्रियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा
है।
