*आगरा में वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए दो दिवसीय वेडिंग डायरीज कॉन्क्लेव शुरू*
*आज आएंगे प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम, कई और हस्तियां भी रहेंगी मौजूद*
*लखनऊ। एक सितंबर।* प्यार की निशानी ताजमहल के लिए दुनिया में मशहूर आगरा अब वेडिंग टूरिज्म में भी संभावनाएं लेकर बढ़ रहा है। अगर आप शादी के जश्न को यादगार बनाने चाहते हैं ताजनगरी आपका इंतजार कर रही है। आगरा में हिल्टन ग्रुप के डबल ट्री होटल में दो दिवसीय वेडिंग डायरीज कॉन्क्लेव शुक्रवार को शुरू हो गया है। इसका शनिवार को समापन होगा। शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम करेंगे। इस दौरान उद्योग विशेषज्ञों और मशहूर हस्तियां कार्यक्रम को और भव्य बनाएंगे। इस दौरान टाक—शो का भी आयोजन होगा। जिसमें शादी और फैशन जगत के दिग्गज अपना अनुभव साझा करेंगे
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से आगरा में हिल्टन ग्रुप के डबल ट्री में आयोजित दो दिवसीय वेडिंग डायरीज कॉन्क्लेव के पहले दिन शुक्रवार को शुरू हुआ। पहले दिन प्रमुख रूप से ब्राइडल एंड वेडिंग कलेक्शन शो हुआ। इस दौरान प्रसिद्ध फिल्मी एक्ट्रेस मलायका अरोड़ा, शिल्पा शेट्टी, डायना पेंटी और शोभिता धूलिपाला, रक्षंदा के अलावा करीब 100 माडल्स ने अपना जादू बिखेरा। कार्यक्रम में करीब एक हजार लोग मौजूद रहे।
बता दें कि वेडिंग डायरीज़ कॉन्क्लेव शादी के शौकीनों के लिए एक विशेष और अद्वितीय मंच प्रदान करता है, जो राज्य के भीतर शादियों और कार्यक्रमों पर गहन चर्चा की सुविधा प्रदान करता है। यह उत्तम विवाह वस्त्रों का एक संग्रह भी प्रस्तुत करता है, जो उद्योग में विलासिता और शैली के लिए नए मानक स्थापित करता है।
आयोजकों को कहना है कि हम ऐसे भव्य आयोजनों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो उत्तर प्रदेश में विवाह पर्यटन के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे। उनमें राज्य की संस्कृति, विरासत और परंपराओं को विश्व स्तर पर उजागर करने की क्षमता है। इससे राज्य के लोगों के लिए कई आर्थिक अवसर भी पैदा होंगे और उनकी प्रतिभा को उचित मंच मिलेगा।
————————————————————————
वेडिंग टूरिज्म की ओर लोगों का झुकाव बढ़ रहा है। हमारा प्रयास है कि लोगों को उनकी जरूरतों के हिसाब सभी सुविधाएं मिलें। इससे प्रदेश की गौरवशाली विरासत की ओर भी लोगों का आकर्षण बढ़ेगा।
*मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति*
