अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लागू होने के बाद 10 स्टिक वाले सिगरेट पैकेट की कीमत में कम से कम 22 से 25 रुपये की वृद्धि हुई

दिल्ली। आज रविवार से अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लागू होने के बाद 10 स्टिक वाले सिगरेट पैकेट की कीमत में कम से कम 22 से 25 रुपये की वृद्धि हुई है। डिस्ट्रीब्यूटरों के मुताबिक, 76 मिमी लंबाई वाली प्रीमियम सिगरेट का पैकेट (10 स्टिक) अब ब्रांड के हिसाब से 50 से 55 रुपये महंगा हो जाएगा।
मैन्युफैक्चरर ने अभी तक नए अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) का एलान तो नहीं किया है, लेकिन डिस्ट्रीब्यूटर ने रिटेलर को 40 प्रतिशत जीएसटी के साथ पुराना स्टॉक देना शुरू कर दिया है। डिस्ट्रीब्यूटर्स को उम्मीद है कि महीने के आखिर तक मैन्युफैक्चरर्स से नए एमआरपी वाले सिगरेट पैक आ जाएंगे।
एक स्टॉकिस्ट ने कहा, ‘कुछ कंपनियों ने पहले ही अपना स्टॉक रोक दिया है। वे नए कर ढांचे के तहत बाद में इसे बाजार में भेजेंगे। डिस्ट्रीब्यूटर्स को डर है कि कीमतों में बढ़ोतरी से स्मगलिंग और नकली प्रोडक्ट्स का बढ़ना बढ़ सकता है।
ऑल इंडिया कंज्यूमर प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन (एआईसीपीडीएफ) ने चेतावनी दी है कि विलासिता से जुड़े उत्पादों पर टैक्स में भारी वृद्धि से खुदरा दुकानदार को नुकसान हो सकता है, जो पहले ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स की बड़ी कंपनियों से चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *