आफत की बारिश, 50 एमएम गिरा पानी

झाँसी | बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवर्ती तूफान मोथा और अरब सागर में बने अवदाब के प्रभाव से सोमवार को झांसी में झमाझम बारिश हुई | सुबह से रात तक जनपद में 50 मिलीमीटर से ज्यादा वर्षा हुई| पारा लुढ़कने से वातावरण में ठंडक घुल गई | मौसम विभाग ने एक-दो दिन और हल्की से मध्यम वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है |
सोमवार तड़के 3:00 से बारिश शुरू हो गई थी| कभी तेज तो कभी हल्की वर्षा होती रही| सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 तक बारिश थमी रही | मगर फिर उसके बाद शुरू हो गई| बीच-बीच में कुछ देर बारिश रुकती और फिर शुरू हो जाती| यह स्थिति देर रात तक बनी रही | बारिश के चलते ग्वालियर रोड ओवर ब्रिज, पुलिस लाइन के सामने, दिल चौराहा समेत कई मार्गों पर हल्का जल भराव भी हो गया |
नगर निगम के मुख्य गेट के सामने भी पानी भरने पर सुपर सकर मशीन से निकलवाया गया| कृषि विज्ञान केंद्र बरारी के मौसम वैज्ञानिक आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे में 50 मिली मीटर से अधिक बारिश हुई है| 28 और 29 अक्टूबर को झोंकेदार हवा के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है| इसके बाद आसमान खोलने पर तापमान में इजाफा होना शुरू हो जाएगा|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *