झांसी में एक पेंटर की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। वह करीब 10 माह से अपनी प्रेमिका के साथ रह रहा था। उसकी लाश करारी के पास मिली है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक का नाम बबलू खान था।
वह नवाबाद थाना क्षेत्र के खुशीपुरा का रहने वाला था। उसके बेटा आबिद ने बताया पिता बबलू खान 15 साल से काशीराम कॉलोनी में रह रहे थे। उनकी शादी बबली से हुई थी। चूंकि बबली की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसका एक बेटा आबिद और एक बेटी थी। 5 साल पहले अचानक बबली की मौत हो गई थी। इसके बाद बबलू खान शराब ज्यादा पीने लगे थे। बेटा आबिद ने बताया कि पिता बबलू खान 10 माह पहले कल्लो नाम की दूसरी महिला के संपर्क में आ गए थे। इसके बाद पिता उसी के साथ रह रहे थे। बुधवार को उनकी लाश करारी नहर के पास मिली है। लोगों से पूछताछ करने पर पता चला पिता पिछले 5 दिनों से अवैध रूप से निर्मित कच्ची शराब का सेवन कर रहे थे। शक है कि कच्ची शराब की वजह से ही उनकी जान गई है। करारी में कच्ची शराब धड़ल्ले से बिकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि बबलू की मौत बीमारी के कारण हुई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।।
करारी नहर के पास पेंटर की संदिग्ध अवस्था में हुई मौत, 10 माह से रह रहा था प्रेमिका के साथ, रिपोर्ट- कलाम कुरैशी
