उत्तर प्रदेश: आज करीब 2.5 लाख से 3 लाख श्रद्धालुओं ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए हैं और इतनी ही संख्या में भक्त दर्शन करने के लिए इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन भक्तों को निरंतर दर्शन कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में है।
आपको बताते चलें , अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करने के लिए अभी भी लाखों श्रद्धालु मौजूद हैं। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मंदिर परिसर में मौजूद हैं। भक्तों को सुचारू दर्शन सुनिश्चित करने के लिए 8000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। यूपी के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और स्पेशल डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार स्थिति पर नजर रखने के लिए राम मंदिर के अंदर मौजूद हैं।
अयोध्या (यूपी): रामलला की मूर्ति के ड्रेस डिजाइनर मनीष त्रिपाठी ने बताया, “मैंने भगवान के वस्त्र का नाम ‘शुभ वस्त्रम’ रखा है। ये वस्त्र ‘पीतांबर’ का है – पीले रंग का वस्त्र है। हमने इसे विशेष रूप से वाराणसी में तैयार करवाया था। इसमें सोने और चांदी के तारों का इस्तेमाल किया गया है और सोने और चांदी के तारों से कढ़ाई की गई है…हमारी टीम दिल्ली से अयोध्या आई थी और हमने यहीं रहकर इसे तैयार किया। करीब 12-15 लोगों की टीम यहां पर लगी हुई थी…मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं…”