कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी द्वारा जनपद में सर्वाइकल कैंसर हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान
*सोमवार से झांसी में लगेगा निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर का टीका*
*ह्यूमन पेपिलोमा वायरस के 4 हाई रिस्क टाइप के वायरस पर टीका कारगर– सीएमओ*
*14 वर्ष की किशोरी बालिकाओं को लगाया जाएगा एचपीवी का टीका — जिला प्रतिरक्षण अधिकारी*
*अभी सिर्फ जिला महिला चिकित्सालय झांसी में होगा एचपीवी टीकाकरण*
*इच्छुक किशोरियों के अभिभावकों की सहमति से ही किया जाएगा टीकाकरण*
*झांसी दिनांक 29 मार्च 2026*
स्वास्थ्य विभाग झांसी द्वारा जनपद के जिला महिला चिकित्सालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय द्वारा सोमवार को किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जनपद की 14 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली किशोरी बालिकाओं को, जिन्होंने अभी अपना 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी जनपदों में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने हेतु एचपीवी टीका लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके क्रम में जिला महिला चिकित्सालय में शुरुआत की जा रही है। बाद में अन्य चिकित्सा इकाइयों पर भी यह टीका उपलब्ध कराया जाएगा। सर्वाइकल कैंसर मुख्यतः ह्युमन पेपिलोमा वायरस के कारण होता है। भारत में महिलाओं में होने वाले ब्रेस्ट कैंसर के बाद दूसरे नंबर पर सबसे अधिक होने वाला कैंसर सर्वाइकल कैंसर अथवा बच्चेदानी का कैंसर है। एचपीवी टीकाकरण में उपयोग में आने वाली वैक्सीन उच्च जोखिम वाले 4 प्रकार के ह्युमन पेपिलोमा वायरस से बचाव करती है और किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से प्रतिरक्षा प्रदान करती है, जिससे बच्चेदानी के कैंसर का खतरा कम होता है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि वर्तमान में ऐसी किशोरी बालिकाएं जिनकी आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है एवं 15वां जन्म दिवस अभी नहीं मनाया है, उन सभी किशोरी बालिकाओं के माता-पिता और अभिभावकों से सहमति मिलने के पश्चात किशोरियों का टीकाकरण किया जाएगा। इच्छुक किशोरी अथवा अभिभावक का आधार कार्ड आवश्यक होगा। टीकाकरण के पश्चात किशोरियों को टीकाकरण प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि जिन परिवारों में ऐसी किशोरियां हैं जिनकी आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है एवं अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, उनके अभिभावक जिला महिला चिकित्सालय झांसी में अपनी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका लगवा सकते हैं। इस टीके के लगने के बाद भविष्य में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर होने की संभावनाएं बहुत कम हो जाती हैं। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार उपलब्ध कराया जा रहा है।
*सोमवार से जिला महिला चिकित्सालय में यह टीका पूर्णतः निःशुल्क लगाया जाएगा।*
