••••••••••••••••••••••••••••••••••••••••
*पीडी रिछारिया, हरिश्चंद्र तिवारी, राहुल राठौर
*कोंच (जालौन)।* पड़ोस में रहने वाला दोस्त एक युवक को घूमने चलने के बहाने घर से अपनी स्कूटी पर बिठाकर गांव के बाहर बने स्कूल के पास ले गया और वहां घात लगाए बैठे अपने साथियों की मदद से उक्त युवक को बंधक बनाकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। युवक का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा कर जंजीर व नकदी लूट लिए और उसे मरा समझकर भाग गए। दो घंटे तक अचेत पड़े रहे उक्त युवक को जब होश आया तो उसने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से उसे उठा कर अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
कोतवाली की खेड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम भदेवरा निवासी शिवम पटेल पुत्र जितेंद्र सिंह ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि सोमवार की दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी दोस्त निहाल द्विवेदी पुत्र बट्टू द्विवेदी अपनी स्कूटी से उसे घर से घूमने के बहाने गांव के बाहर बने आदर्श इंटर कॉलेज के पास ले गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे निहाल के साथियों ने पकड़ कर उसके ऊपर हॉकियों से हमला बोल दिया। शिवम ने आरोप लगाया कि निहाल व उसके एक अज्ञात साथी ने पिस्टल निकाल कर उसके कनपटी पर रख दी और उसके तीन अन्य साथियों ने उसके गले मे पड़ी सोने की जंजीर व जेब में पड़े 16 हजार रुपए छीन लिए। हमलावर उसे मरा समझकर भाग गए। कुछ समय बाद शिवम होश में आया तो परिजनों को सूचना दी। आनन फानन में शिवम को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिवम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे कर उक्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस इस पूरे मामले को मारपीट बता रही है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई कर पूरे मामले को निपटा दिया गया है।
