उरई । जालौन कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की रात्त सोते समय महिला की गला रेत कर हत्या कर दी गई । सनसनीखेज घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है । महिला का पति कई वर्षों से गायब है । हत्या करने वाले के बारे में अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है ।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के छिरिया सलेमपुर गाँव में जालौन भिंड रोड पर पान , गुटखा का खोखा रखे महिला रामवती ( 50 वर्ष ) की उसी खोखा में सोते समय बीती रात नृशंस हत्या कर दी गई । रामवती का पति कांशी प्रसाद पिछले कई वर्षों से गायब है । मृतका के 4 लड़के हैं जिनमें से 3 गुजरात में पानी पूड़ी का धंधा करते हैं । छोटा लड़का छोटे साहब ( 14 वर्ष ) 9वीं कक्षा में पढ़ता है जो उसके साथ रहता था ।
बताया गया है कि रामवती का घर गाँव के अंदर था जो बंद रहता था । खर्चा चलाने के लिए रामवती ने सड़क किनारे गुमटी रख ली थी और उसी में लड़के के साथ रहने लगी थी । दीपावली का त्यौहार देखते हुए बुधवार को उसकी शादीशुदा बेटी डाली घर की सफाई के लिए आई हुई थी । रात में 10 बजे रामवती उसे खाना देने गई थी । इसके बाद गुमटी में आ कर सो गई । सुबह जब उसका लड़का छोटे साहब सो कर जागा तो खून से लथपथ माँ का सिर धड़ से अलग देख उसके होश उड़ गए । उसकी चीख सुन कर गाँव के लोग मौके पर पहुँच गए । बाद में पुलिस को सूचना दी गई । जालौन कोतवाली के नवागंतुक प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह और बाद में पुलिस अधीक्षक डॉ अरविंद चतुर्वेदी , अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी और सी ओ संजय कुमार शर्मा भी पहुँचे । फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य इकट्ठे करने के लिए मौके पर है । अभी तक हत्या का कारण अज्ञात है । कोई सुराग न मिलने से पुलिस को अंधेरे में तीर चलाना पड़ रहा है । इस बीच यह भी पता चला है कि मृतका के पति से पुलिस का संपर्क हो गया है । वह बाबा हो गया है और गुजरात में है ।
