झांसी । गुरसराय में पेयजल समस्या को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन आज पांचवें दिन भी जारी रहा। अनशन कर रहे लोगों से मिलने के लिए आज गरौठा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता दीपनारायण सिंह दीपक यादव अनशन स्थल पहुंचे। इस दौरान पूर्व विधायक ने अनशन कारियों के साथ हाथ में हाथ मिलाते हुए हर हाल में उनके साथ रहने की बात कही।
उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्या में वह हर समय उन लोगों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि पानी हमारी मूलभूत आवश्यकताओं में से एक है। ऐसे में खासतौर पर बिना किसी धांधली के लोगों तक आसानी से पानी पहुंचना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि पेयजल सप्लाई में धांधली नहीं चल रही है? तो जिम्मेदार लोग खुलकर क्यों सामने नहीं आते? आज 5 दिन हो जाने के बाद भी क्यों कोई अफसर या सत्ता पक्ष का प्रतिनिधि अनशन कर रहे लोगों की समस्या जानने नहीं आया?
पेयजल समस्या को समझने के लिए जिले मुख्यालय से अफसर तो पहुंचाए जाते हैं, लेकिन वह झूठी रिपोर्ट बनाकर अपने उच्चाधिकारियों को गुमराह करते रहते हैं। यहां तक कि वर्तमान विधायक भी पानी की समस्या को लेकर कई वार्डों में घूमते दिखे, लेकिन असल में जिन्हें समस्या की जड़ पता है। उनसे बात करने में हिचकिचा रहे हैं। और अनशन स्थल तक आने से अब डर रहे हैं।
