झाँसी। पुलिस ने एक फर्जी दरोगा गिरफ्तार किया है। जिसके पास से दरोगा का आईकार्ड और 13 सौ से अधिक के पीली धातु के सिक्के बरामद किये है। इसके अलावा उसके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है। इतना ही नहीं पकड़े गये युवक ने दरोगा बनकर झांसी में रहने वाले इंजीनियर की बेटी से संगाई कर ली थी। जिसकी 10 दिन बाद शादी होनी थी। पुलिस ने पकड़े गये फर्जी दरोगा और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाही शुरु कर दी।
फर्जी दरोगा को गिरफ्तार करने में ऐसे मिली सफलता
झांसी एसएसपी विनोद कुमार के निर्देश में सीपरी बाजार थाने की पुलिस वांरटी और वांछित अपराधियों की तलाश में लगी हुई थी। तभी उसे पता चला कि शिवानी होटल के नजदीक मध्य प्रदेश के पुलिस की वर्दी पहने एक दरोगा है जो रौब दिखाकर लोगों को ठगता है। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस बताये गये स्थान पर पहुंची। जहां देखा वह दरोगा अपने साथी के साथ है। उक्त दरोगा को रोककर पूछतांछ की तो उसने अपनी वर्दी का थाने की पुलिस पर भी रौब दिखाया, लेकिन पुलिस के अनुसार आगे उसकी एक नहीं चली और दोनों पकड़कर थाने लाया गया। जहां सख्ती से पूछतांछ में पता चला कि उक्त खाकी वर्दी पहने युवक फर्जी दरोगा है। पूछतांछ में फर्जी दरोगा ने अपना नाम जयपाल सिंह बघेल निवासी खिरिया जागीर दिनारा और उसके साथी संतोष कुशवाहा उर्फ बबलू निवासी पठौरिया झांसी बताया।
तलाशी में मिला दरोगा का आईकार्ड और 1337 पीली धातु की गिन्नियां
झांसी क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र परिहार ने बताया कि पकड़े गये फर्जी दरोगा के पास से पुलिस ने मध्य प्रदेश पुलिस का आईडी कार्ड बरामद किया है। इसके साथ ही 1337 पीली धातु की गिन्नियां, 315 बोर का तमंचा व एक कारतूस, दो आधार कार्ड, दो मोबाइल और खाकीवर्दी बरामद की है। पकड़े गये दोनों लोगों के खिलाफ पूछतांछ कर कार्रवाही की गई।
ऐसे बनाता था लोगों को अपना शिकार
पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेन्द्र परिहार के अनुसार पकड़े गये फर्जी दरोगा ने बताया कि वह अपने साथी के साथ वर्दी पहनकर पहले किसी समारोह में जाता है। जहां वह लोगों से मुलाकात कर दोस्ती करता है। इसके बाद जमीन में गढ़े धन को दिलाने का लालच देता। इसके लिए वह बरामद पीली धातु को सोने का सिक्का बताकर दिखाता है। जब सामने वाला विश्वास में आ जाता है तो उसे बलि देने के लिए कहा जाता है। यह सुनने पर जब सामने वाला घबरा जाता है तो उससे कहा जाता है कि उसके पास ऐसा तांत्रिक है तो बलि की व्यवस्था कर लेता है। जब सामने वाला उसके जाल में फंस जाता तो उसे अपने साथ बाहर किसी महानगर या जंगल में ले जाकर उससे 5 से 10 लाख रुपए लेकर मारपीट करते हुए भगा देता है। अब तक वह दर्जनों को अपना शिकार बना चुका है।
दरोगा बनकर इंजीनियर की बेटी से कर ली सगाई
पकड़े गये फर्जी दरोगा जयपाल ने झांसी के प्रेमनगर में रहने वाले रेलवे अधिकारी की बेटी से शादी तय कर ली। शादी तय करने के बाद उसने पिछले दिनो सगाई कर जिसमें लाखों रुपए और बाइक ले ली। सगाई के 13 दिन बाद अब उसकी शादी होनी थी। इससे पहले उसकी शादी होती उसे पुलिस ने पकड़ लिया गया और उसका यह चेहरा सभी के सामने लाया।
