झाँसी। ललितपुर जिले से स्कार्पियो कार लूट कर भागे बदमाशों ने फिल्मी स्टाईल में झांसी पुलिस को 25 किलोमीटर तक दौड़ाया। अंत में स्कार्पियो कार एक ट्रक से टकरा गई और पुलिस को बदमाशों को पकड़ने में सफलत हासिल हो गई।
झांसी एसएसपी डॉ. ओपी सिंह को ललितपुर जिले से सूचना मिली कि कुछ बदमाश चालक से मारपीट कर नई स्कार्पियो कार लूटकर भागे हैं। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी ने झांसी पुलिस को एलर्ट कर दिया। जिस पर रक्सा थाना प्रभारी हरिश्याम और सीपरी बाजार थाना प्रभारी सभाजीत सिंह अपनी टीम के साथ चैकिंग करने लगे। तभी पुलिस टीम को शिवपुरी की ओर से झांसी आते हुए एक नई स्कार्पियो कार नजर आई। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन कार में सवार लोग ने रफ्तार तेज कर दी। यह देख पुलिस ने कंट्रोल को सूचना देते हुए स्कार्पियो कार का पीछा करना शुरु कर दिया। दोनों थानों की पुलिस और पीआरवी ने लगभग 25 किलोमीटर तक स्कार्पियो कार का पीछा किया। लेकिन बदमाशों ने कार नहीं रोकी, अंत में स्कार्पियो कार एक ट्रक से टकरा गई, जब कहीं जाकर पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने में सफलता हासिल की। पकड़े गये बदमाशों को थाने लाया गया। जहां पूछतांछ में उन्होंने अपने नाम प्रभू राजपूत निवासी चंदेरी थाना कुंडीला टीकमगढ़, गिन्नी राजा निवासी चकोरा थाना बानपुर ललितपुर और शंकर सिंह उर्फ दाऊ भाईया निवासी कोरवास सौजना ललितपुर बताया। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह के अनुसार बदमाशों ने पूछतांछ में बताया कि उक्त गाड़ी को महारौनी से ग्राहक बनकर बुक किया था। इसके बाद कुछ दूरी जाने के बाद स्कार्पियो कार चालक की मारपीट की और उससे कार लूटकर भाग निकले। चालक ने इसकी शिकायत सम्बधित थाने की पुलिस से की थी। जिसका ललितपुर जिले में मामला पंजीकृत है। आशंका जताई जा रही है कि कार लूटने के पीछे का बदमाशों का मकसद किसी घटना को अंजाम देना होगा। हालांकि उनसे पूछतांछ की जा रही है।
बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को एसएसपी ने 1000-1000 रुपए प्रति व्यक्ति को ईनाम देने की घोषणा की है।
