उत्तर मध्य रेलवे की झांसी जीआरपी ने चार संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से 72 लाख से अधिक का कैश बरामद हुआ। पकड़ा गया कैश झांसी से दिल्ली ले जाया जा रहा था।
झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी थाना प्रभारी अजीत कुमार अपनी टीम के साथ चेकिंग करते हुए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्लेटफार्म क्रमांक 4/5 पर चार लोग भारी कैश लेकर जा रहे हैं। सूचना को गम्भीरता से लेते हुए टीम बताये गये स्थान पर पहुंची। जहां टीम ने चारों युवकों को गिरफ्तार किया।
जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार चारों के पास से कुल 72 लाख 46 हजार 4 सौ रुपए कैश बरामद हुआ है। जिनमें प्रत्येक के पास 18 लाख 11 हजार 6 सौ रुपए थे। पूछतांछ में युवकों ने अपने गणेश रायक्वार निवासी बड़ागांव गेट, ठाकुरदास निवासी बंगलाघाट, रामाधार ढीमर निवासी बड़ागांव गेट और अवधेश अग्रवाल निवासी बड़ागांव गेट अंदर बताया। उक्त रकम को चारों झांसी के एक चर्चित सर्राफा व्यवसाई के कहने पर ज्वैलरी खरीदने के लिए दिल्ली लेकर जा रहे थे। अशंका जताई जा रही है कि इस प्रकार टैक्स चोरी करते हुए यह रकम ले जाई जा रही थी। वहीं सूत्रों की मानें तो यह रकम हवाला की भी हो सकती है।
