झांसी / गत दिवस सैनी गार्डन के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण, बहुरंगी सरस,सुरभित , मनोहारी फूलों से आच्छादित परिसर में अखिल भारतीय साहित्य परिषद के तत्वावधान में एक सुकाव्य संगोष्ठी का आयोजन गुरु पूर्णिमा भगवान वेद व्यास के जन्मोत्सव पर सम्पन्न हुआ ।
इस सुकाव्य संगोष्ठी में अनेक स्वनामधन्य कवियों, साहित्यकारों , विविध विधाओं के धनी सृजनधर्मियों ने अपनी -अपनी प्रस्तुतियों से इस साहित्यिक कार्यक्रम को एक विशिष्ट संगोष्ठी के रूप में प्रतिष्ठित कर दिया । गोष्ठी की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के जिला अध्यक्ष श्री प्रताप नारायण दुबे जी ( बुंदेली भाषा के सम्मानित कवि,साहित्यकार ) ने की । मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित बुन्देली कवि, साहित्यकार जी पी वर्मा मधुरेश रहे । तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गीतकार , संगीतकार बुन्देली की प्रसिद्ध कवयित्री ब्रजलता मिश्रा रही ।
इस काव्य साहित्य की संगोष्ठी में जी० पी० वर्मा मधुरेश जी, कृष्ण मुरारी श्रीवास्तव ‘सखा’ , विजय कुमार सैनी , राजेश तिवारी ‘मक्खन’ जगत मोहन ‘हरि’ आरती अवस्थी , बबीता सैनी के साथ अनेक सुप्रसिद्ध, स्थापित,कवि, मनीषियों, साहित्यकारों की सम्मानीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में अखिल भारतीय साहित्य परिषद् के जिला महामंत्री श्री विजय प्रकाश सैनी जी ने सभी श्रोताओं , कवियों , साहित्यकारों का हार्दिक आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का सफल संचालन श्री कृष्ण मुरारी श्री वास्तव ‘सखा” ने किया ।
झांसी: गुरु पूर्णिमा पर गुरु गरिमा का समर्पित काव्यांजलि
