झांसीः सदर बाजार मे आज रात एक युवक तीसरी मंजिल से गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सदर बाजार में तीसरी मंजिल पर बने एक रेस्टोरेंट में दोस्तों के साथ गया एक युवक अचानक से नीचे गिर गया। तीसरी मंजिल से गिरे इस युवक को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुदरी निवासी सिद्धार्थ वर्मा पुत्र संजय वर्मा एड. शाम अपने दोस्तों के साथ सदर बाजार में यूनियन बैंक के ऊपर तीसरी मंजिल पर बने एक रेस्टोरेंट में गया था। वहां वह अपने आठ दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान अचानक वह तीसरी मंजिल से नीचे गिरा और लहूलुहान हो गया। यह देख आसपास के लोग घबरा गए और वहां हडक़ंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची सदर बाजार थाने की पुलिस ने उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सदर बाजार थानाध्यक्ष लोकेंद्र त्रिपाठी के अनुसार कुछ संदिग्धों व उसके दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उनसे जानकारी की जा रही है। घटनाकी सूचना मृतक के परिजनों को दी गई है।
रेस्टोरेंट के साथ है हुक्का बार भी
उधर, सूत्रों का कहना है जिस रेस्टोरेंट में मृतक सिद्धार्थ वर्मा आया था, वहां हुक्काबार संचालित होता है। प्रतिदिन शाम को अमीरजादों की गाडिय़ां वहां पहुंच जाती हैं और नशे की महफिल सजने लगती है। यह सब पुलिस थाने और चौकी से चंद कदमों की दूरी पर होता है। सूत्रों की माने तो तीसरी मंजिल पर बने इस हुक्का बार में नशे के साथ-साथ अश£ीलता भी परोसी जाती है। नगर में ऐसे कई हुक्का बार संचालित हो रहे हैं, जिनकी जानकारी होते हुए भी पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उनकी ओर रूख नहीं करते, जब कोई हादसा हो जाता है तो कार्रवाई का ढिंढोरा पीटा जाता है।
