झांसी महानगर:भाजपा कार्यालय में संत रविदास जयंती मनाई गई:दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने समानता का प्रतीक बताया
भाजपा कार्यालय में संत रविदास जयंती मनाई गई:दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, जिलाध्यक्ष ने समानता का प्रतीक बताया
दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, जिलाध्यक्ष ने समानता का प्रतीक बताया
झांसी में संत शिरोमणि कवि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती रविवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संत रविदास जी के जीवन दर्शन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि रामकिशोर साहू ने बताया कि संत रविदास की शिक्षाएं केवल भक्ति तक सीमित नहीं थीं, बल्कि वे समानता, एकता और एक परमेश्वर की अटूट भक्ति पर आधारित थीं। उन्होंने उस दौर में समाज में व्याप्त छुआछूत, जातिगत भेदभाव और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाई और मानवता का संदेश दिया।
उन्होंने आगे कहा कि संत रविदास ने अपनी रचनाओं में जनसाधारण की भाषा का प्रयोग कर ज्ञान को आम आदमी तक पहुंचाया। उनकी रचनाओं में ब्रज भाषा के साथ-साथ अवधी, राजस्थानी, खड़ी बोली और उर्दू-फारसी के शब्दों का अद्भुत मेल मिलता है। उनके लगभग 40 पद सिख धर्म के पवित्र ग्रंथ ‘गुरुग्रंथ साहिब’ में भी सम्मिलित हैं।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि संत रविदास, वैष्णव भक्तिधारा के महान संत स्वामी रामानंदाचार्य के शिष्य थे और वे संत कबीर के समकालीन व गुरुभाई माने जाते हैं। वक्ताओं ने कार्यक्रम के अंत में कहा कि उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और एक समरस समाज के निर्माण के लिए उनकी शिक्षाएं मार्गदर्शक का कार्य करती हैं।
