डिलेवरी के बाद मिट्टी में पड़ा रहा मासूम, बेबस मां दीवार से चिपके देखती रही।

अशोकनगर। लेबर पेन के बाद स्वास्थ्य केंद्र पहुंची एक महिला ने काफी देर इंतजार करने के बाद मैदान में ही बच्चे को जन्म दे दिया। साधनों की कमी और महिला का स्वास्थ बिगड़ने की वजह से बच्चा आधे घंटे तक धूल में ही पड़ा रहा।

यह मामला मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला स्थित स्वास्थ्य केंद्र का है। जहां ताला लगे होने के कारण एक महिला ने खुले में ही बच्चे को जन्म दिया।मीडिया की ओर से मामले की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर बीएस जामोद ने कहा कि पूरे मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


सूत्रों ने बताया कि कदवाया निवासी आदिवासी महिला विद्या बाई (28) शुक्रवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर अपनी ननद पान बाई के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी,लेकिन, केंद्र पर ताला लगा हुआ था।

महिला आधा घंटे तक ताला खुलने का इंतजार करती रही, लेकिन कोई वहां नहीं पहुंचा। अचानक महिला को तेज दर्द होने लगा, उसने अपने साथ आई महिला रिश्तेदार की मदद से स्वास्थ्य केंद्र के पीछे खुले मैदान में ही बच्चे को जन्म दे दिया।

महिला की हालत काफी खराब हो रही थी। इस दौरान लगभग आधे घंटे तक बच्चा धूम-मिट्टी और ठंड में जमीन पर ही पड़ा रहा।महिला रिश्तेदार ने बताया कि प्रसव के करीब एक घंटे बाद एएनएम सीमा माहौर वहां पहुंची। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का दरवाजा खोला और मां एवं बच्चे को अंदर ले गई।

 

 


स्थानीय निवासियों ने खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.बीएस जम्होरिया को फोन लगाकर मामले की जानकारी दी, तो उन्होंने प्रसूता को 108 एंबुलेंस के माध्यम से ईसागढ़ भेज देने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *