यूपी-अब डिवाइडर पर भी भगवा रंग चढ़ा

लखनउ 21 जनवरीः थाने, हज हाउस के बाद यूपी सरकार ने अब डिवाइडर को भी भगवा रंग मे रंग दिया है। शौचालय के रंग मे बदलाव और हज हाउस की दीवारे भगवा होने के बाद राजनैतिक भूचाल आया था। योगी सरकार ने हज हाउस की दीवार का रंग तो बदल दिया, लेकिन भगवा रंग और गहरा होता जा रहा है।

यहां तक कि स्कूलों की दीवारों को भी भगवा रंग से रंगवा दिया गया और नई बसों की सीट कवर को भी भगवा रंग से रंगवा दिया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय से कैसरबाग पुलिस स्टेशन तक 50 नई बसों को रवाना किया गया उशका रंग भी भगवा था।

सबसे पहले भगवाकरण की शुरुआत तब हुई जब एनेक्सी भवन की दीवारों को भगवा रंग से रंगना शुरू किया गया, लेकिन यह विवाद उस वक्त काफी बढ़ गया जब लखनऊ स्थित हज हाउस की दीवार को भी भगवा रंग से रंग दिया गया।

गौर करने वाली बात यह है कि हज हाउस की दीवार पर भगवा रंग को लेकर जब विवाद हुआ तो उसे फिर से क्रीम रंग से पुतवा दिया गया, लेकिन हज हाउस की दीवार पहले हरे रंग की थी।

इस घटना के बाद समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार पर प्रदेश का भगवाकरण करने का आरोप लगाया था और इसे अल्पसंख्यक विरोधी कदम बताया था।

पिछले वर्ष अक्टूबर माह में लाल बहादुर शास्त्री भवन जोकि मुख्यमंत्री कार्यालय है कि दीवार को भगवा रंग से रंग दिया गया, इसके बाद प्राइमरी स्कूलों में भगवा रंग का बैग बंटवाया गया और पुराने बैग को वापस ले लिया गया जिसपर अखिलेश यादव की तस्वीर छपी हुई थी। इसके बाद बिजली के खंबो को भगवा रंग से रंगवाना शुरू किया गया।

यही नहीं योगी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर जो बुकलेट छापी गई थी उसका मुख पृष्ठ भगवा रंग का था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *