यूपी आटा में ट्रक ड्रायवर ने बैरियर कर्मचारियों को रौंदा , 2 की मौत,रिपोर्ट-अवनीत गुर्जर

उरई । आटा थाना क्षेत्र में मौरंग से भरे ट्रक ने उसका पीछा करने बाइक से दौड़े बैरियर कर्मचारियों को रौंद दिया । घटना करने के बाद ड्रायवर ट्रक छोड़ कर भाग निकला । बाद में पुलिस ने ट्रक मौके से खिंचवा कर थाने में खड़ा करा लिया । मृतकों के परिजनों ने बैरियर ठेकेदार से 5 -5 लाख रुपये मुआवजे की माँग को ले कर हंगामा मचा दिया ।

आटा थाना क्षेत्र में हरीशंकरी पर जिला पंचायत का बैरियर है । बुधवार को देर रात मौरंग से भरा ट्रक बैरियर से बिना पर्ची कटाये निकल गया जिस पर बैरियर के 2 कर्मचारी ट्रक रोकने के लिए बाइक से भागे । जैसे ही बाइक ट्रक के आगे पहुँची ड्राइवर ने गाड़ी की रफ़्तार बढ़ा दी जिससे दोनों ट्रक के नीचे आ गए ।

हादसा होते ही ट्रक रोक कर ड्रायवर भाग निकला । मृतकों के नाम पुष्पेन्द्र ( 32वर्ष ) पुत्र वीरेंद्र सिंह राजपूत निवासी सुनेहटा और सुशील ( 22वर्ष ) पुत्र डालचन्द्र अहिरवार निवासी करमेर मिनौरा बताये गए हैं । उधर घटना को ले कर आज सुबह से ही मृतकों के परिजनों सहित सैकड़ों लोग थाने में 5 -5 लाख रुपये मुआवजे की माँग को ले कर घेराव किए हुए हैं । थानाध्यक्ष आनंदकुमार सिंह ने समझौते के लिए ठेकेदार को बुलवा लिया था । जिला पंचायत सदस्य गुड्डू जौराखेरा भी इसमें मध्यस्थता कर रहे हैं । बताया जाता है कि ठेकेदार 4 लाख रुपए देने को तैयार हो गया है जबकि परिजन 5 -5 लाख से कम में तैयार नहीं है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *