संदीप द्वारा बेटियों के पैर पखारकर उन्हें विदा करना अद्भुत कार्य- राज्यमंत्री भराला
सनातन धर्म में बहन बेटियों के सहयोग के लिये प्रत्येक व्यक्ति तत्पर- समाजसेवी डॉ० सरावगी
झाँसी। श्रम कल्याण परिषद उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त अध्यक्ष सुनील भराला झाँसी के औपचारिक भ्रमण के दौरान संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पहुँचे। संघर्ष सेवा समिति कार्यालय पर अध्यक्ष डॉ० संदीप सरावगी द्वारा राज्यमंत्री का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। कार्यालय भ्रमण के दौरान डॉ० संदीप और राज्यमंत्री भराला के मध्य कई विषयों पर वार्तालाप एवं विचार विमर्श हुआ। डॉ० संदीप ने संघर्ष सेवा समिति के 12 वर्षों का कार्यकाल उनके समक्ष प्रस्तुत किया एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर राज्यमंत्री सुनील भराला ने कहा डॉ० संदीप कई वर्षों से समाज सेवा का कार्य करते आ रहे हैं लेकिन गरीब बेटियों के पैर पखाकर उन्हें विदा करना एवं उपहार देना एक अद्भुत कार्य है भविष्य में उनकी सामूहिक विवाह की महत्वाकांक्षी योजना जिसमें 501 कन्याओं का विवाह आयोजित होने जा रहा है यह देश में एक अतुलनीय उदाहरण की तरह प्रस्तुत होगा। सनातन धर्म में कन्यादान को महादान माना जाता है और इतनी कन्याओं का एक ही परिसर में भव्यता के साथ विवाह होना दैवीय कृपा के समान है। इस कार्यक्रम में संघर्ष सेवा समिति के सहयोग के लिए मैं तत्पर रहूंगा। इसके अतिरिक्त श्रमिक और गरीब वर्ग के लिए डॉक्टर संदीप जो आवास योजना तैयार कर रहे हैं वह अवश्य ही विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। मैं डॉ० संदीप और संघर्ष सेवा समिति के उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं और भविष्य में जब झाँसी आगमन होगा तो अन्य विषयों पर भी अवश्य विस्तार से चर्चा होगी। आगे वार्ता करते हुए डॉ० संदीप सरावगी ने कहा सनातन धर्म में जब भी बहन बेटियों की बात आती है तो हर हाथ सहयोग के लिए तत्पर हो जाता है, चाहे वह सहयोग तन का हो मन का या धन का। यह सनातन धर्म की अद्भुत शक्ति और एकता का ही उदाहरण है कि हमारे संगठन द्वारा आगामी समय में जो सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है उसके लिए जनपद के साथ प्रदेश और देश के ही नहीं विदेशी नागरिक भी सहयोग के लिए तत्पर हैं। कई अप्रवासी भारतीय और देश के कई समाजसेवी लगातार हमसे संपर्क कर रहे हैं और सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराना चाहते हैं। अधिकांशतः जनश्रुतियों में सुना है कि आप कोई अच्छा कार्य करें तो प्रकृति आपके साथ सहयोग करती है आज यह वक्तव्य मेरे समक्ष घटित हो रहा है अवश्य ही यह माता रानी की कृपा है कि संघर्ष सेवा समिति लंबे समय से सभी कार्य सुचारू रूप से आयोजित कर पा रही है। अंत में डॉ० संदीप द्वारा राज्य मंत्री सुनील भराला को शॉल पहनाकर और महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंटकर विदा किया गया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय दुबे, रामगोविन्द तिवारी, दीपक त्रिपाठी एवं संघर्ष सेवा समिति से अजय राय, सुशांत गेड़ा, संदीप नामदेव, महेंद्र रायकवार, बसंत गुप्ता, राकेश अहिरवार, शैलेंद्र राय, लखन गौतम, विजय परिहार, विवेक रिछारिया, सलमान आदि उपस्थित रहे।
