विशेष दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर में परीक्षण कर बनाए गए प्रमाण पत्र

*कोंच।* दिव्यांगों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर उनके प्रमाण पत्र बनाए जाने, शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक किए जाने एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को तहसील सभागार में एक दिवसीय विशेष दिव्यांग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
एसडीएम ज्योति सिंह एवं तहसीलदार जितेंद्र सिंह पटेल की उपस्थिति में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में नेत्र सर्जन डॉ. जगदीश, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राम दुवे, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना विश्वास, डॉ. बीपी सिंह ने उपस्थित दिव्यांगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य परीक्षण में हड्डी रोग से संबंधित दिव्यांग संतोष पाटकार 80 प्रतिशत, रामकुमार क्योलारी 55 प्रतिशत एवं राजकुमार
50 प्रतिशत के मौके पर ही दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाकर उन्हें दिए गए। नाक कान गला रोग से संबंधित दो दिव्यांगजनों के आवेदन जांच के लिए जमा कर लिए गए। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिव्यांगों सहित अन्य लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि रात्रि में बगैर किसी तनाव और सोच के भरपूर नींद लें। नशे का सेवन न करें और जूस जरूर पीएं। एसडीएम ने कहा कि दिव्यांगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस दौरान सीएमओ कार्यालय के लिपिक राजेश कुमार, देवेंद्र सिंह, बार संघ अध्यक्ष रामशरण कुशवाहा, हरिसिंह निरंजन आदि रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *