अमरकंटक में कड़ाके की ठंड का प्रकोप, ओस की बूंदों ने ली बर्फ की शक्ल
तापमान शून्य के करीब, एक पखवाड़े में तीसरी बार जमी बर्फ
अनूपपुर अमरकंटक (मध्य प्रदेश राजेश शिवहरे) मध्य प्रदेश का प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक इन दिनों भीषण ठंड की गिरफ्त में है। लगातार पड़ रही ठंड के कारण एक बार फिर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। इसके परिणामस्वरूप आज सुबह नगर क्षेत्र में तीसरी बार जगह-जगह बर्फ जमी हुई देखी गई।
बीते एक पखवाड़े से अमरकंटक में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि रात में ओस की शबनमी बूंदें जमकर बर्फ का रूप ले लेती हैं। सुबह होते ही घास, पत्तियां, छानी-छप्पर, टीन की छतें, तिरपाल और खुले स्थान सफेद बर्फ की चादर से ढके नजर आए।
ठंड का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। शाम ढलते ही लोग अपने घरों में दुबक जाते हैं और ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बाहर से आए श्रद्धालु, तीर्थयात्री और पर्यटक भी ठंड से परेशान हैं, हालांकि कई लोग इस दुर्लभ प्राकृतिक नज़ारे का आनंद लेते नजर आए।
प्रातःकाल इंद्र दमन तालाब के आसपास तथा पवित्र नर्मदा नदी के रामघाट के उत्तर एवं दक्षिण तट पर जमी बर्फ ने वातावरण को अत्यंत मनोरम बना दिया। सुबह-सुबह श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने बर्फ जमी सतहों के बीच तस्वीरें खिंचवाईं। छात्र-छात्राएं भी इस दृश्य को देखकर उत्साहित दिखे।
लगातार गिरते तापमान के कारण पवित्र नगरी अमरकंटक पूरी तरह ठंड की आगोश में समा गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है, जिससे सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
