नई दिल्ली 4 अप्रैल लोकसभा चुनाव के विषय में आज भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के गठबंधन में शामिल रही निषाद पार्टी को अपने पाले में कर लिया है। दिल्ली में भाजपा नेता जेपी नड्डा ने प्रवीण निषाद और पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को भाजपा में शामिल कराया।
गौरतलब है कि पिछले साल हुए गोरखपुर उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने निषाद पार्टी से गठबंधन कर अपना संयुक्त उम्मीदवार उतारा था । तब प्रवीण निषाद ने भाजपा उम्मीदवार को करारी मात दी थी। उस समय प्रवीण निषाद को सपा बसपा सहित अन्य सभी विपक्षी दलों का समर्थन प्राप्त था।
जेपी नड्डा ने बताया कि प्रवीण निषाद राजनीति में है और वह चुनाव लड़ेंगे हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि वह गोरखपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे या किसी अन्य सीट से।
गोरखपुर वह सीट है जहां से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांसद थे । गोरखपुर सीट पर 1991 से लेकर 2014 तक के सभी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार की जीत हुई है 1998 से लेकर 2017 तक उत्तर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस सीट से सांसद रहे और 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उनको सांसद का पद छोड़ना पड़ा था।
