सरकार ने कहा है कि देश में स्वरोज़गार 2017-18 के 52 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है।*
आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए, केंद्रीय श्रम और रोज़गार मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि देश की आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ श्रमिकों की आय भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आकस्मिक श्रमिकों की औसत दैनिक मज़दूरी 2017-18 के 295 रुपये से बढ़कर अब 418 रुपये हो गई है।
मंत्री ने कहा कि नए श्रम संहिता के अनुसार, एक न्यूनतम मज़दूरी तय की गई है, और सभी राज्यों को इससे अधिक मज़दूरी देनी होगी। उन्होंने कहा कि नई श्रम संहिता के लागू होने के साथ, मासिक वेतन पाने वालों को नियोक्ता द्वारा नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, जिससे उनके सामाजिक सुरक्षा लाभ सुनिश्चित होंगे।
