*24 घंटे बीते नहीं लगा सुराग पुलिस जांच में जुटी*
*कौशाम्बी* जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सर्राफा व्यापारी से दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। बदमाश 4 किलो चांदी और 23 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया सराय अकिल थाना क्षेत्र के निवासी अंशु सोनी पुत्र शिवमूरत सोनी इसीपूर में सर्राफा की दुकान करते हैं। बुधवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे,जैसे ही वह सरैया पुल के पास पहुंचे एक सफेद रंग की बोलेरो ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। वाहन में सवार 5-6 युवकों ने अंशु सोनी के साथ मारपीट की और उनके कंधे पर टंगा हुआ बैग छीनकर सराय अकिल की तरफ तेज रफ्तार से फरार हो गए।
अंशु सोनी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और पटेल चौराहा के पास उनकी बोलेरो को रोकने की कोशिश की। उन्होंने गाड़ी के शीशे पर मुक्का भी मारा। हालांकि, बदमाशों ने उन्हें गाड़ी से धक्का देकर गिरा दिया और प्रयागराज की ओर भाग निकले।पीड़ित अंशु सोनी के मुताबिक, लूटे गए बैग में 4 किलो चांदी और 23 ग्राम सोना था।जिसे बोलेरो गाड़ी सवार बदमाश लूट कर फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार देर रात 10 बजे SOG टीम और सीओ चायल अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और बदमाशों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दीं।पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात से सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है।
