कोंच।* सर्राफ लूटकांड में दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी लगातार कोंच में कैंप कर रहे हैं। कोंच सीओ के अलावा लाइन सीओ को भी इस कांड के खुलासे के लिए लगाया गया है। फिलहाल पुलिस उन सभी आने-जाने वाले रास्तों में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है लेकिन अभी तक उसके हाथ कोई ठोस क्लू नहीं लगा है।
गुरुवार शाम करीब चार बजे कस्बे के पटेल नगर इलाके में नवीन ज्वैलर्स की दुकान पर आधा दर्जन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने लूट की घटना को दुस्साहसिक ढंग से अंजाम देकर पुलिस महकमे में खलबली मचा दी थी। घटना की गंभीरता को इसी बात से समझा जा सकता है कि घटना के तत्काल बाद जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा घटना स्थल पर पहुंच गए थे। देर रात डीआईजी झांसी केशव कुमार चौधरी ने भी मौके पर आकर घटना के बाबत जानकारी ली और अधीनस्थों को जल्द ही घटना का अनावरण करने के निर्देश दिए थे। एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा लगातार कोंच में डेरा डाले पूरी छानबीन पर नजर रखे हुए हैं। शुक्रवार दोपहर एएसपी सहित सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद, कोतवाल विजय कुमार पांडे ने उन सभी रास्तों जिनसे होकर बदमाश गुजरे थे, में जहां जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उनमें फुटेज खंगाल रहे हैं। सीओ लाइन उमेश कुमार पांडे को भी कप्तान ने इस घटना के खुलासे में लगाया है। अब तक पुलिस करीब आधा सैकड़ा से अधिक सीसीटीवी कैमरे देख चुकी है लेकिन अभी तक ऐसा कोई क्लू हाथ नहीं लगा है जिसे पकड़ कर वह आगे बढ़ पाती। उधर, दुकानदार संजीव कुमार सोनी पुत्र जगदीश निवासी पटेल नगर कोंच की तहरीर पर पुलिस ने पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दुकानदार ने बताया, पांच नकाबपोश बदमाश हाथों में तमंचा बंदूक हथियार लिए थे। उनके द्वारा दुकान में घुस कर चांदी का डिब्बा लूट ले गए जिसमें करीब एक लाख रुपये का सामान था। एएसपी ने बताया, क्राइम ब्रांच, एसओजी के अलावा लोकल पुलिस की दो टीमें बदमाशों की सुरागरसी के लिए लगाई गई हैं। सभी टीमें बेहतर समन्वय के साथ काम कर रही हैं और जल्द ही घटना के खुलासे की उम्मीद की जा सकती है।
*तमाम जनप्रतिनिधि पहुंचे सर्राफ के यहां, गुनहगारों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया*
_*कोंच।* नवीन ज्वैलर्स की दुकान पर लूट की घटना घटित होने के बाद जनप्रतिनिधि भी घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं। सूचना मिलने के बाद विधायक मूलचंद्र निरंजन लखनऊ से गुरुवार रात करीब 11 बजे घटनास्थल पर पहुंचे जहां उन्होंने पीड़ित सर्राफा कारोवारी संजीव कुमार सोनी से घटना के बाबत जानकारी ली और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे। उन्होंने व्यापारियों को दिलासा देते हुए कहा कि इस प्रकार की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बदमाशों की गिरफ्तारी जल्द ही होकर रहेगी। उन्होंने एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार से दूरभाष पर बात की और घटना के शीघ्र अनावरण के लिए कहा। शुक्रवार दोपहर उप्र शासन के पूर्व राज्यमंत्री हरिओम उपाध्याय ने भी सर्राफ के यहां पहुंच कर घटना के बाबत जानकारी ली। एम एलसी रमा और उनके प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने भी वहां पहुंच कर भरोसा दिया कि इस मामले का पर्दाफाश होकर रहेगा, इसके लिए वह उच्च स्तर पर बात करेंगे। उरई सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने भी पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि जल्द ही गुनहगार सलाखों के पीछे होंगे।_
