स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हो रहा है सफल आयोजन

*स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का जनप्रतिनिधियों के सहयोग से हो रहा है सफल आयोजन*

*बहु-विशेषज्ञ एवं नियमित स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से 114356 लोगों ने लिया लाभ — सीएमओ*

*2987 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच तथा 2964 किशोर-किशोरियों की हुई एनीमिया की जांच -डॉ एन के जैन*

*8069 बच्चों का टीकाकरण एवं 21307 की रक्तचाप, 21123 की मधुमेह सहित 14404 की हुई कैंसर स्क्रीनिंग -डॉ रविशंकर*

*अभियान में खोजे गए 18 टीबी मरीज–डॉ यू एन सिंह*

*64 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान तथा 92 स्वैच्छिक रक्तदाता हुए पंजीकृत*

*झांसी दि० 27 सितंबर 2025*

महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे *”स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान”* के अंतर्गत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं अन्य चिकित्सा इकाइयों पर निरंतर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से किया गया है और जनमानस को निरोगी रहने का संदेश दिया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि दिनांक 22 सितंबर 2025 से झांसी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान” के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जनपद के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दूरस्थ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए गए हैं। इन चिकित्सा शिविरों में क्षेत्रीय जनमानस को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श, जांच व उपचार की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। अन्य चिकित्सा इकाइयों पर नियमित चिकित्सकों, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टाफ आदि द्वारा सेवाएं दी जा रही हैं। जनपद में अभी तक सभी स्वास्थ्य इकाइयों द्वारा शिविर आयोजित कर 59249 महिलाओं सहित 114356 व्यक्तियों को लाभ प्रदान किया जा चुका है। मा0 सांसद श्री अनुराग शर्मा जी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन गौतम जी ने जिला महिला चिकित्सालय, मा0 सदर विधायक श्री रवि शर्मा जी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर ताज कम्पाउन्ड, मा0 बबीना विधायक श्री राजीव सिंह पारीछा जी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबीना एवं बड़ागांव, मा0 गरौठा विधायक श्री जवाहर सिंह राजपूत जी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोंठ एवं गुरसराय, मऊरानीपुर विधायक डॉ रश्मि आर्या ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंगरा व मऊरानीपुर और मा0 महापौर श्री बिहारी लाल आर्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर सहित अन्य चिकित्सा इकाइयों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन करते हुए आम जनमानस को स्वस्थ व निरोगी रहने का संदेश दिया है।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन के जैन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, किशोर-किशोरियों, बच्चों आदि सभी को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। अभियान में अभी तक 2987 गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच की सुविधा, परामर्श एवं उपचार की सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। किशोर-किशोरियों सहित 3669 की एनीमिया की जांच की गई है एवं एनीमिया प्रबंधन हेतु आयरन फोलिक एसिड सप्लीमेंटेशन तथा पोषण परामर्श की सेवाएं दी जा चुकी हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं एनसीडी सेल के नोडल अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि अभियान के दौरान 1841 गर्भवती महिलाओं का और 8069 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। साथ ही 21307 व्यक्तियों की रक्तचाप, 21123 व्यक्तियों की मधुमेह जांच तथा 14404 व्यक्तियों की कैंसर स्क्रीनिंग की जा चुकी है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ यू एन सिंह ने बताया कि टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान में चल रहे अभियान में 8232 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई तथा 1236 की बलगम की जांच तथा एक्स-रे की जांच की गई है। जिसमें 18 नये मरीज टीबी धनात्मक पाए गए, जिनका उपचार किया जा रहा है एवं नि:क्षय पोषण योजना के अंतर्गत 308 नये निक्षय-मित्र बनाए गए और 872 मरीजों को पोषण पोटली वितरित की जा चुकी है।

डॉ उत्सव राज नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत योजना ने बताया कि इन स्वास्थ्य शिविरों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 1024 पात्र लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड बनाया जा चुका है। विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों पर ब्लड बैंक के माध्यम से रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं। जिसमें 64 रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान किया गया है तथा 92 स्वयंसेवी व्यक्तियों/संगठनों ने इच्छुक रक्तदाता हेतु अपना पंजीकरण कराया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय ने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि चिकित्सा इकाइयों पर आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। परिवार की प्रत्येक स्त्री चाहे वह कन्या, किशोरी,युवती, पत्नी, माता आदि किसी भी रूप में हो उसके स्वास्थ्य की जिम्मेदारी पूरे परिवार की है क्योंकि महिला का स्वास्थ्य पूरे परिवार को सशक्त बनाता है एवं सशक्त परिवार मिलकर सशक्त भारत का निर्माण करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *