नई दिल्ली 19 मार्चः हिन्दी के सुप्रसिद्व कवि केदार नाथ सिंह का सोमवार को एम्स मे निधन हो गया। वह 83 साल के थे।
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 1934 में जन्मे केदारनाथ सिंह नई कविता के अग्रणी कवियों में शुमार थे। केदारनाथ सिंह हिंदी कविता में नए बिंबों के प्रयोग के लिए जाने जाते हैं।
उनकी कविताएं जटिल विषयों को सहज एवं सरल भाषा में व्यक्त करती हैं। केदारनाथ सिंह अज्ञेय द्वारा सम्पादित तीसरा सप्तक के कवि हैं। 2013 में केदारनाथ सिंह की सेवाओं के लिए उन्हें साहित्य के सबसे बड़े सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित होने वाले वह हिन्दी के 10वें लेखक हैं।
