*17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 गांधी जयंती तक चलेगा “स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार” अभियान*
*सभी सीएचसी व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर लगाए जाएंगे महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर– सीएमओ*
*गैर संक्रामक रोगों, कैंसर की स्क्रीनिंग के साथ जांच परामर्श व आवश्यक उपचार किया जाएगा– डॉ एन के जैन*
*रक्तदान शिविर व स्वैच्छिक रक्तदाताओं का नामांकन होगा*
*महिलाओं व किशोरियों की एनीमिया जांच व पोषण परामर्श भी सम्मिलित*
*झांसी दि० 12 सितंबर 2025*
भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य के दृष्टिगत आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 गांधी जयंती तक *”स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान”* आयोजित किए जाने के निर्देश के क्रम में जनपद झांसी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुधाकर पांडेय की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन सीएमओ कार्यालय सभागार में किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि परिवार के सशक्तिकरण, समुदाय एवं राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं के स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अभियान का उद्देश्य है कि हर महिला स्वस्थ रहे जिससे उसका परिवार और समाज भी सशक्त बन सके। इसी उद्देश्य के साथ जनपद झांसी में भी *”स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान”* शुरू हो रहा है। भारत सरकार की ओर से दिनांक 17 सितंबर 2025 को अभियान का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा इंदौर मध्य प्रदेश से किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद में भी समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य इकाइयों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के दौरान महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य देखभाल, जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन, व्यक्ति, समुदाय एवं संगठनों द्वारा टीबी रोगियों हेतु भागीदारी को प्रोत्साहित करने एवं टीबी मुक्त भारत जन आंदोलन का समर्थन करने के लिए नि:क्षय मित्र नामांकन अभियान, रक्तदान शिविर का आयोजन, स्वैच्छिक रक्तदाताओं का नामांकन आदि विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एन के जैन ने बताया कि 17 सितंबर 2025 को सभी ब्लॉक स्तरीय चिकित्सा इकाइयों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गैर संक्रामक रोगों की स्क्रीनिंग, कैंसर स्क्रीनिंग, गर्भावस्था देखभाल, टीकाकरण, एनीमिया स्क्रीनिंग, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन काउंटर, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, पोषण वाटिका, टीबी स्क्रीनिंग के साथ आयुष सेवाएं प्रदान की जाएंगी एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी व अन्य स्थानीय संगठनों के सहयोग से 17 सितंबर 2025 से 2 अक्टूबर 2025 तक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इन स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन माननीय जन प्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा एवं महिला लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में लाभान्वित किया जाएगा। इस अभियान के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर पर आशा, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम, सीएचओ व चिकित्सा अधिकारी सक्रिय भूमिका निभाते हुए शिविर आयोजित करेंगे।
झांसी महानगर क्षेत्र में अभियान के संचालन हेतु डॉ अंशुमान तिवारी नोडल अधिकारी राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन ने बताया कि नगर क्षेत्र में सभी नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अभियान के दौरान महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन स्वास्थ्य शिविरों पर जांच परामर्श व चिकित्सा उपचार की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, साथ ही प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए टीकाकरण सेवाएं भी दी जाएंगी। गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व देखभाल एवं परामर्श के साथ एमसीपी कार्ड का वितरण किया जाएगा। विशेष रूप से पूर्व से चिन्हित टीकाकरण के महत्व को न पहचानने वाले परिवारों की छूटी हुईं गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला ने बताया कि अभियान में किशोरियों एवं महिलाओं की एनीमिया जांच के साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता तथा पोषण के संबंध में जागरूक किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में एएनएम, आशा तथा ग्राम प्रधान के सहयोग से ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समितियों की बैठक के माध्यम से दैनिक आहार में खाना पकाने के तेल के उपयोग को 10% काम करने हेतु महिलाओं व समुदाय को जागरूक किया जाएगा। सभी सीएचओ अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर महिलाओं को पोषण व स्वास्थ्य गतिविधियों के संबंध में जागरूक करने हेतु परामर्श और वैलनेस सेशन आयोजित करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी चिकित्सा अधीक्षकों व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य शिविरों सहित सभी गतिविधियों का आयोजन करने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ के एन एम त्रिपाठी, डॉ एन के जैन, डीआईओ डॉ रविशंकर, डीएसओ डॉ रमाकांत स्वर्णकार, डिप्टी डीआईओ डॉ अंशुमान तिवारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ अनुराधा राजपूत, चिकित्सा अधीक्षक डॉ के के राजपूत, डॉ वैभव पुरोहित, डॉ ओ पी राठौर, डॉ सुमित मिसुरिया व प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक से सभी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, एआरओ, बीसीपीएम आदि उपस्थित रहे।
