*राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में चयनित जनपद की 19 चिकित्सा इकाइयों का होगा मूल्यांकन*
*भारत सरकार की टीम द्वारा परखी जाएंगी सभी सेवाएं व स्टाफ की क्षमता*
*चेकलिस्ट के आधार पर प्राप्त स्कोर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर को मिलेगा सर्टिफिकेट*
*सभी चिकित्सा इकाइयों पर तैनात सीएचओ व एएनएम तैयारी में जुट जाएं– सीएमओ*
*जिले व ब्लॉक की टीम द्वारा असेसमेंट में किया जाएगा सहयोग– डॉ एन के जैन*
*मूल्यांकन कार्य की तैयारी हेतु आयोजित हुई समीक्षा बैठक*
*डीपीआरओ ने सहयोग हेतु संबंधित ग्राम प्रधानों को जारी किया पत्र*
*झांसी दिनांक 13 नवंबर 2025*
राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति के अंतर्गत सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जनपद झांसी की 19 चिकित्सा इकाइयों आयुष्मान आरोग्य मंदिर का चयन आगामी माह दिसंबर में राष्ट्रीय मूल्यांकन हेतु किया गया है, यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि “सभी के लिए, सभी उम्र में, निवारक और प्रोत्साहक स्वास्थ्य देखभाल नीतियों के माध्यम से, बिना किसी को कठिनाई का सामना किए अच्छी गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं तक सार्वभौमिक पहुंच के माध्यम से स्वास्थ्य और कल्याण के उच्चतम संभव स्तर को प्राप्त करने की दिशा में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के अंतर्गत भारत सरकार से सर्टिफिकेट प्राप्त करना महत्वपूर्ण गतिविधि है। जनपद में ब्लॉक चिरगांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमरी, रामनगर, पट्टीकुम्हर्रा, जरियाई, पहाड़ी बुजुर्ग और बझेरा, ब्लॉक गुरसराय के सिमरधा, बड़वार, भसनेह, लखावटी और रनयारा, ब्लॉक बड़ागांव के सिमरधा, पालर, मवई और तेंदोल, ब्लॉक मऊरानीपुर के रेवन और भण्डरा, ब्लॉक मोंठ के बम्हरौली तथा ब्लॉक बंगरा के राजगिरी का चयन किया गया है। इन सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने राज्यस्तरीय मूल्यांकन में 70% से अधिक स्कोर प्राप्त किया है। अब अंतिम मूल्यांकन का कार्य माह दिसंबर में प्रस्तावित है।
सीएमओ कार्यालय में मूल्यांकन कार्य की तैयारी हेतु आयोजित की गई समीक्षा बैठक में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ एन के जैन ने चिकित्सा इकाइयों में कार्यरत सीएचओ एवं एएनएम को निर्देश दिए कि मूल्यांकन कार्य से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। जनपद स्तर पर गठित टीम तथा ब्लॉक स्तरीय टीम द्वारा मूल्यांकन कार्य में पूरा सहयोग किया जाएगा। भारत सरकार की टीम द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के मूल्यांकन हेतु विशिष्ट माप प्रणाली है, जिसके अंतर्गत निर्धारित चेकलिस्ट पर आठ क्षेत्र जैसे चिकित्सा इकाई में सेवा प्रावधान, रोगी के अधिकार, इनपुट, सहायता सेवाएं, नैदानिक सेवाएं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन और आउटकम इंडिकेटर के आधार पर मूल्यांकन किया जाता है।
जिला क्वालिटी परामर्शदाता डॉ मनीष खरे ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर टाइप ए और टाइप बी में गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की विस्तारित श्रृंखला 12 पैकेज प्रदान किए जाते हैं इन सभी का मूल्यांकन लगभग 125 मापने योग्य तत्वों और 550 चेक पॉइंट्स पर किया जाएगा। इस मूल्यांकन में 70% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली इकाई को भारत सरकार द्वारा सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। जनपद में अभी तक 34 चिकित्सा इकाइयों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के अंतर्गत सर्टिफिकेट प्राप्त हो चुका है। इसमें जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिरगांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरूआसागर एवं 31 आयुष्मान आरोग्य मंदिर यह सर्टिफिकेट प्राप्त कर चुके हैं। डीपीआरओ श्री बालगोविंद श्रीवास्तव द्वारा संबंधित चिकित्सा इकाइयों के ग्राम प्रधानों को भी मूल्यांकन कार्य की तैयारी में सहयोग करने हेतु पत्र जारी किया गया है।
इस समीक्षा बैठक में डीएसओ डॉ रमाकांत स्वर्णकार, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ विजयश्री शुक्ला, डीसीपीएम श्री प्रशांत कुमार वर्मा, डीसीपीए श्री बृजेंद्र कुमार, बीपीएम श्री प्रवीण द्विवेदी, श्री धीरज गुप्ता, बीसीपीएम श्री सुनील सहित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के सीएचओ व एएनएम उपस्थिति रहीं।
