नई दिल्ली 16 अगस्तः
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का दिल्ली के एम्स में गुरुवार शाम पांच बजकर पांच मिनट पर निधन हो गया. इसके बाद देश भर में शोक की लहर दौड़ गई. उनके निधन के बाद नेताओं और अन्य हस्तियों का एम्स में तांता लग गया. केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी एम्स पहुंच गए. अटल बिहारी वाजपेयी का पार्थिव शरीर दिल्ली के कृष्णा मेनन मार्ग स्थित आवास पर रखा गया.

पीएम मोदी ने कहा कि उनके निधन से एक युग का अंत हो गया. उनका निधन संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति है. मेरे लिए तो वाजपेयी का जाना पिता तुल्य संरक्षण का साया सिर से उठने जैसा है. उन्होंने मुझे संगठन और शासन दोनों का महत्व समझाया. दोनों में काम करने की शक्ति और सहारा दिया. वो जब भी मिलते थे, तो पिता की तरह खुश होकर….आत्मीयता के साथ गले लगाते थे.
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बताया कि शुक्रावर सुबह नौ बजे वाजपेयी के पार्थिव शरीर को बीजेपी मुख्यालय ले जाया जाएगा, जहां से एक बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी. इसके बाद दिल्ली स्थित राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर गुरुवार शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवानी ने भी वाजपेयी को श्रद्वांजलि दी। इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, राहुल गांधी सहित तमाम बड़े नेताआंे ने वाजपेयी को श्रद्वांजलि दी।
