झाँसी-उमरे के झांसी डीजल लोको शेड में बोगी सेक्शन में गत दिवस डीजल इंजन के डग से गिर जाने पर अफरा-तफरी मच गयी। संयोग से इंजन के गिरने से वहां काम कर रहे कर्मचारी बच गए, अन्यथा हादसा बड़ा होता। गिरे इंजन को बड़ी मशक्कत से लगभग 20 घण्टे में उठाया जा सका।
बताया गया है कि डीजल लोको शेड में 8 नवम्बर को रेल इंजन नम्बर 16369 आया था। इस इंजन को परीक्षण के लिए इंजन सेक्शन में ले जाया गया। वहां कर्मचारियों द्वारा इंजन को डग पर जैक पर चढ़ा कर परीक्षण किया जा रहा था। परीक्षण के दौरान सायं लगभग पांच बजे इंजन अचानक जैक पर से गिर गया। इंजन के गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गयी। संयोग से इस घटना में वहां काम कर रहा कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर सीनियर डीएमई सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए और गिरे इंजन की जांच कर उसे सही सलामत उठाने के निर्देश दिए।
इसके बाद शेड में गिरे इंजन को उठाने के लिए क्रेन के प्रयोग की कोशिश की गयी, किन्तु घटना स्थल पर के्रन को पहुंचने की समस्या थी। इसके कारण इंजन को जैैक लगा कर उठाने की कवायद शुरू हो गयी। जैक से इंजन को उठाने में लगभग बीस घण्टे का समय लग गया, किन्तु इंजन पूरी तरह से सही सलामत उठ सका।
